22 से 26 जुलाई तक भागलपुर में गरज-चमक और बारिश के आसार, किसानों को धान रोपाई की तैयारी की सलाह

भागलपुर: बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), सबौर द्वारा जारी कृषि मौसम परामर्श के अनुसार 22 से 26 जुलाई 2026 के बीच भागलपुर जिले में आसमान में घने बादल छाए रहने, एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ आंधी तथा हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। मौसम को देखते हुए किसानों को धान की रोपाई की तैयारी पूरी रखने की सलाह दी गई है।

तापमान और हवा का रहेगा यह हाल

पूर्वानुमान के अनुसार इस अवधि में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 80 से 90 प्रतिशत तथा दोपहर में 70 से 80 प्रतिशत रहने का अनुमान है। वहीं, 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पूरबा हवा चल सकती है।

धान की रोपाई से पहले करें संतुलित उर्वरक का प्रयोग

ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र ने किसानों को सलाह दी है कि हाल की वर्षा और आगामी दिनों में बारिश की संभावना को देखते हुए धान की रोपाई की समुचित तैयारी सुनिश्चित करें। रोपाई से पहले प्रति हेक्टेयर 25 से 30 किलोग्राम नाइट्रोजन, 40 किलोग्राम फॉस्फोरस, 30 किलोग्राम पोटाश और 25 किलोग्राम जिंक सल्फेट का प्रयोग करने की अनुशंसा की गई है।

वर्षा जल का करें संचयन

कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को निचली भूमि के चारों ओर मजबूत मेड़ (बांध) बनाने की सलाह दी है, ताकि वर्षा जल का संचयन किया जा सके और आवश्यकता पड़ने पर उसी पानी का उपयोग सिंचाई के लिए किया जा सके।

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार करें खेती

बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा के नोडल पदाधिकारी डॉ. बीरेंद्र कुमार ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम पूर्वानुमान और कृषि वैज्ञानिकों की सलाह के अनुरूप कृषि कार्य करें, ताकि खरीफ फसलों का बेहतर उत्पादन सुनिश्चित हो सके।

नोट: यह समाचार जिला जनसंपर्क कार्यालय, भागलपुर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।

  • ये भी पढ़े..

    बिहार विधानसभा में सात विधेयकों पर चर्चा से लेकर TRE-4 भर्ती तक, मानसून सत्र के दूसरे दिन सदन में क्या-क्या हुआ?

    Share Add as a preferred…

    बिहार में जमीन की दाखिल-खारिज अब होगी महंगी, विधानसभा से विधेयक पास होने के बाद 200 रुपये शुल्क का प्रावधान

    Share Add as a preferred…