
पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी चरम पर है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने चुनावी माहौल को और गर्मा दिया है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति, जिसे सोशल मीडिया पर आरजेडी कार्यकर्ता कल्लू यादव बताया जा रहा है, बीच सड़क पर अपनी पार्टी का हरा गमछा उतारकर फेंकता दिखाई देता है। इसके बाद वह भगवा गमछा धारण करता नजर आता है। वीडियो में बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव भी मौके पर मौजूद दिखाई दे रहे हैं।
हालांकि, इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और न ही संबंधित पक्षों की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान सामने आया है।
उधर, बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी ने मंत्री, सांसद, विधायक और संगठन के वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए बूथ स्तर तक चुनावी रणनीति तैयार की है। एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं को भी क्षेत्र में सक्रिय रहने और चुनाव प्रचार अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा ने सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग नेताओं को विभिन्न वर्गों के मतदाताओं तक पहुंच बनाने की जिम्मेदारी दी है। भूमिहार समाज के लिए मंत्री शैलेंद्र कुमार और रणवीर नंदन, ब्राह्मण समाज के लिए मंत्री नीतीश मिश्रा और मिथिलेश तिवारी, दलित मतदाताओं के लिए मंत्री लखेंद्र पासवान, वैश्य समाज के लिए मंत्री दिलीप जायसवाल और सांसद संजय जायसवाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं यादव मतदाताओं के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत करने के लिए मंत्री रामकृपाल यादव, नवल किशोर यादव और राम सूरत राय को सक्रिय किया गया है। भाजपा का लक्ष्य बूथ प्रबंधन के साथ-साथ सामाजिक समीकरणों को साधकर बांकीपुर सीट पर अपनी स्थिति और मजबूत करना है।
इसी बीच वायरल वीडियो ने चुनावी माहौल में नई चर्चा छेड़ दी है। हालांकि, वीडियो में किए जा रहे दावों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।


