
भागलपुर: बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी शिक्षा पहल के तहत कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समग्र शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का राज्यव्यापी शुभारंभ 19 जुलाई से होगा। मुख्यमंत्री बेगूसराय से आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से वर्चुअल रूप से इन विद्यालयों का उद्घाटन करेंगे।
भागलपुर जिला प्रशासन ने उद्घाटन कार्यक्रम और शैक्षणिक गतिविधियों के सुचारू संचालन को लेकर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को समयबद्ध तरीके से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा है।
विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश
जिला पदाधिकारी ने चयनित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया है कि 18 जुलाई तक विद्यालय भवन, कक्षाओं की तैयारी, पेयजल, बिजली, शौचालय, स्वच्छता और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाए। इसके साथ ही छात्रों के लिए फर्नीचर, शिक्षण-अधिगम सामग्री, कंप्यूटर, इंटरनेट और अन्य आईटी सुविधाएं भी उपलब्ध कराने को कहा गया है।
इसके अलावा विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, नामपट्ट और दिशा-सूचक बोर्ड लगाने के साथ अग्निशमन सहित अन्य सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उद्घाटन कार्यक्रम का होगा लाइव प्रसारण
राज्यस्तरीय उद्घाटन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रत्येक सरस्वती विद्या निकेतन में किया जाएगा। इसके लिए सभी विद्यालयों में बड़ी स्क्रीन और आवश्यक तकनीकी संसाधनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, अभिभावकों और गणमान्य नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया है।
अधिकारियों को सौंपा गया निरीक्षण का जिम्मा
कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए जिला पदाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के चयनित विद्यालयों का निरीक्षण कर तैयारियों का सत्यापन करने का निर्देश दिया है।
अधिकारियों से कहा गया है कि यदि कहीं कोई कमी या लंबित कार्य हो तो उसे तत्काल पूरा कराया जाए, ताकि उद्घाटन के बाद कक्षाओं का संचालन बिना किसी बाधा के शुरू हो सके।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
जिला पदाधिकारी ने कहा कि सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का शुभारंभ बिहार में गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भागलपुर में इस योजना को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।


