
खगड़िया: बिहार के खगड़िया जिले में जनहित एक्सप्रेस में मोबाइल झपटमारी की कोशिश आरोपी पर ही भारी पड़ गई। मानसी स्टेशन से ट्रेन खुलते ही एक युवक ने खिड़की के पास बैठे यात्री का मोबाइल छीनने की कोशिश की, लेकिन यात्री और आसपास मौजूद लोगों ने उसका हाथ कसकर पकड़ लिया।
हैरान करने वाली बात यह रही कि आरोपी करीब 9 किलोमीटर तक चलती ट्रेन की खिड़की से बाहर लटका रहा और इसी हालत में ट्रेन खगड़िया स्टेशन पहुंची। इस दौरान आरोपी यात्रियों से हाथ छोड़ देने की गुहार लगाता रहा, जबकि यात्रियों ने उसे पकड़े रखा ताकि वह नीचे गिरकर हादसे का शिकार न हो जाए।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी पहले अपना नाम छोटू यादव और फिर पंकज यादव बताते हुए खुद को लखमिनिया का निवासी बता रहा है। हालांकि पुलिस जांच में उसकी यह पहचान झूठी निकली।
खगड़िया स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही जीआरपी ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान बरकत मंसूरी, निवासी मुमताज मोहल्ला, नवगछिया के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार वह पहले भी चोरी और झपटमारी की घटनाओं में शामिल रहा है।
जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(5) और 304(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
घटना के बाद यात्रियों की सूझबूझ और बहादुरी की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। वहीं कई लोगों ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।


