
पटना: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को लेकर युवा चेतना के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहित सिंह ने एक बार फिर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव चल रहा है, लेकिन नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव जनता के बीच नजर नहीं आ रहे हैं।
रोहित सिंह ने दावा किया कि बिहार की जनता ने राजद कार्यालय पर तेजस्वी यादव के “लापता” होने का नोटिस तक चस्पा कर दिया है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव इन दिनों यूरोप यात्रा पर हैं और व्यंग्य करते हुए कहा कि “ऐसी भी चर्चा है कि वह चांद (मून) पर राजद के लिए जमीन तलाशने गए हैं।”
बांकीपुर उपचुनाव को लेकर साधा निशाना
युवा चेतना प्रमुख ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनता राजद और उसके सहयोगियों को पूरी तरह खारिज करने जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजद “अर्बन नक्सल की गोद में खेलने वाले लोगों” के साथ राजनीति कर रही है, जिसे जनता स्वीकार नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि बांकीपुर, पटना और पूरे बिहार की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ी है और भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को समर्थन दे रही है।
तेजस्वी यादव से पूछा- ‘आप हैं कहां?’
रोहित सिंह ने कहा कि बिहार की जनता जानना चाहती है कि नेता प्रतिपक्ष आखिर कहां हैं। उनके मुताबिक,
“बिहार की जनता ने अता-पता-लापता का नोटिस चस्पा कर दिया है। तेजस्वी यादव एक नॉन-सीरियस राजकुमार हैं, जो जनता के मुद्दों से दूर हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि राजद अब राजनीतिक जमीन खो चुका है और आगामी चुनावों में जनता उसे करारा जवाब देगी।
बीजेपी उम्मीदवार की जीत का दावा
रोहित सिंह ने दावा किया कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा की जीत तय है। उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों में बिहार के विकास का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों को जाता है और जनता विकास के मुद्दे पर एनडीए के साथ खड़ी है।
गौरतलब है कि बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होना है। इस सीट पर भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि राजद और जन सुराज भी चुनाव मैदान में हैं।


