बिहार में मानसून का कहर! 27 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 19 जिलों में ऑरेंज और 8 में येलो अलर्ट जारी

पटना: बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को राज्य के 27 जिलों में भारी बारिश को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने 19 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 8 जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

इन 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद, पटना, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय और लखीसराय में भारी बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवाओं का खतरा बना हुआ है।

इन 8 जिलों में येलो अलर्ट

वहीं शिवहर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा, सुपौल, अररिया और किशनगंज के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। राज्य के अन्य जिलों में बादल छाए रहने और उमस बढ़ने का अनुमान है।

पटना में रिकॉर्ड बारिश, कई इलाकों में जलजमाव

राजधानी पटना में शुक्रवार देर रात शुरू हुई बारिश शनिवार सुबह तक जारी रही। लगातार बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलजमाव हो गया और लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

आईएमडी पटना के अनुसार 10 जुलाई की शाम 5:30 बजे से 11 जुलाई की सुबह 8:30 बजे तक अनीसाबाद मौसम केंद्र पर 46.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

अगले दो घंटे भी होगी तेज बारिश

मौसम वैज्ञानिक आनंद शंकर ने बताया कि पटना के विभिन्न हिस्सों में अगले दो घंटे तक मध्यम से तेज बारिश जारी रहने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 मिमी अतिरिक्त वर्षा हो सकती है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 10 जुलाई की शाम 5:30 बजे से 11 जुलाई की शाम 5:30 बजे तक राजधानी में कुल 75 से 85 मिमी बारिश दर्ज की जा सकती है।

जलजमाव और ट्रैफिक जाम की आशंका

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने निचले इलाकों, अंडरपास और खराब जल निकासी वाले क्षेत्रों में जलभराव की चेतावनी जारी की है। प्रमुख सड़कों और व्यस्त चौराहों पर ट्रैफिक प्रभावित होने की संभावना जताई गई है। साथ ही फिसलन भरी सड़कों और कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

लोगों और प्रशासन के लिए एडवाइजरी

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें। यदि यात्रा आवश्यक हो तो जलजमाव वाले इलाकों से बचें और सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं।

वहीं जिला प्रशासन, नगर निकाय और संबंधित एजेंसियों को जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा संभावित शहरी बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने को कहा गया है।

पूरे बिहार में सक्रिय है मानसून

उत्तर बिहार से लेकर दक्षिण बिहार तक अधिकांश जिलों में मानसून सक्रिय बना हुआ है। कई जगह लगातार तो कई स्थानों पर रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बारिश से किसानों में खुशी का माहौल है और धान की रोपनी को गति मिलने की उम्मीद बढ़ी है। हालांकि शहरों और कस्बों में जलजमाव और यातायात प्रभावित होने जैसी समस्याएं भी सामने आ सकती हैं।

मौसम विभाग की अपील

मौसम विभाग ने कहा है कि आने वाले दिनों में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदियों और तालाबों से दूर रहने तथा किसानों को अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

  • ये भी पढ़े..

    बिहार में रेफरल सिस्टम में बड़ा बदलाव: अब बिना ठोस कारण बड़े अस्पताल नहीं भेजे जाएंगे मरीज, नई गाइडलाइन जारी

    Share Add as a preferred…

    BPSSC Forest Range Officer Recruitment 2026: बिहार में फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर के 16 पदों पर भर्ती, 16 जुलाई से शुरू होंगे आवेदन

    Share Add as a preferred…