
बगहा: बिहार के बगहा में एक निजी विद्यालय के छात्रावास में रह रहे 10 वर्षीय छात्र की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है। मामला पुलिस जिला बगहा के लौकरिया थाना क्षेत्र स्थित हरनाटांड़ के एक निजी विद्यालय सह छात्रावास का है। मृतक छात्र के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में दो शिक्षकों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
हॉस्टल के कमरे में मिला छात्र का शव
मृतक की पहचान वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के भेड़िहारी कर्माहा टोला वार्ड-15 निवासी राज किशोर शर्मा के 10 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। प्रिंस निजी विद्यालय के छात्रावास में रहकर पढ़ाई करता था।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह छात्रावास के कमरे में उसके बेड पर शव मिलने के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों का आरोप- रात में शिक्षकों ने की थी बेरहमी से पिटाई
मृतक के परिजनों का आरोप है कि घटना से एक रात पहले विद्यालय के शिक्षक हेमराज कुमार और दीपक कुमार ने बच्चों के साथ मारपीट की थी। उनका कहना है कि प्रिंस के शरीर, खासकर आंख और पीठ पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो गई है।
मृतक के पिता राज किशोर शर्मा ने कहा,
“कल रात मेरे बेटे के साथ मारपीट हुई थी। हेमराज कुमार और दीपक कुमार ने इतनी बुरी तरह उसे पीटा कि उसकी मौत हो गई। यह हत्या है और दोनों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।”
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम
घटना की सूचना मिलते ही रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी, बगहा एसडीपीओ निहार भूषण, लौकरिया थानाध्यक्ष रमन कुमार और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेज दिया।
दो शिक्षक हिरासत में, हत्या की आशंका
पुलिस ने मामले में शिक्षक हेमराज कुमार और दीपक कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी ने बताया,
“प्रारंभिक पूछताछ में यह तथ्य सामने आया है कि मृतक छात्र प्रिंस कुमार के साथ बीती रात शिक्षक एवं संचालक द्वारा मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है।”
उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होता है, लेकिन मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और पूछताछ के बाद ही स्पष्ट होगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल पुलिस हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और परिजन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


