बांकीपुर उपचुनाव में बदला भाजपा का उम्मीदवार, अभिषेक सिन्हा की जगह नीरज कुमार सिन्हा मैदान में

पटना: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने उम्मीदवार को बदल दिया है। पार्टी ने पहले घोषित प्रत्याशी अभिषेक सिन्हा की जगह अब नीरज कुमार सिन्हा को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है। नीरज कुमार सिन्हा 13 जुलाई को अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

भाजपा के इस फैसले के पीछे अभिषेक सिन्हा का चुनाव लड़ने से इनकार करना बताया जा रहा है। उन्होंने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा की। इसके बाद पार्टी नेतृत्व ने नए उम्मीदवार के नाम पर मुहर लगाई।

भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति के निर्णय के बाद पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से नीरज कुमार सिन्हा को अधिकृत प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा की गई। नीरज वर्तमान में पटना महानगर इकाई के अंतर्गत नरेंद्र भारती मंडल के अध्यक्ष हैं और लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।

राजनीतिक घटनाक्रम के तहत अभिषेक सिन्हा ने पहले नामांकन की प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन बाद में प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचकर संक्षिप्त प्रेस वार्ता में चुनाव नहीं लड़ने की जानकारी दी। उन्होंने प्रदेश नेतृत्व को लिखे पत्र में भी पारिवारिक कारणों का उल्लेख किया था।

नीरज कुमार सिन्हा वर्ष 2006 से भाजपा से जुड़े हुए हैं। वे भारतीय जनता युवा मोर्चा में भी विभिन्न जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। संगठन में सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में उनकी पहचान रही है। वे मूल रूप से नालंदा जिले के निवासी हैं।

बांकीपुर उपचुनाव को लेकर भाजपा अब नए उम्मीदवार के साथ चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुट गई है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि संगठन के अनुभव और स्थानीय कार्यकर्ताओं के सहयोग से नीरज कुमार सिन्हा चुनाव में मजबूत दावेदारी पेश करेंगे।

  • ये भी पढ़े..

    काजवलीचक विस्फोट: अवैध पटाखा फैक्ट्री संचालित करने के लिए किराये पर लिया था मकान, जांच में कई अहम खुलासे

    Share Add as a preferred…