
पटना: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने बिहार की राजनीति को लेकर बड़ा दावा किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार की मौजूदा एनडीए सरकार ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी और बहुत जल्द गिर जाएगी। फिलहाल उत्तर प्रदेश के वृंदावन में मौजूद तेज प्रताप यादव ने यह भी दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मौजूदा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को कड़ी फटकार लगाई है।
सम्राट सरकार के 100 दिन पूरे, एनडीए की हुई अहम बैठक
तेज प्रताप यादव का यह बयान ऐसे समय आया है, जब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली बिहार सरकार के 100 दिन पूरे होने पर पटना स्थित लोक सेवक आवास में एनडीए की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में एनडीए के सभी सहयोगी दलों के जिला अध्यक्षों, मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया।
बैठक में सरकार के अब तक के कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
‘विकास के एजेंडे पर आगे बढ़ रही है सरकार’
बैठक के बाद एनडीए के नेताओं ने दावा किया कि बिहार सरकार विकास के एजेंडे पर मजबूती से आगे बढ़ रही है। नेताओं ने कहा कि एनडीए के सभी घटक दल मिलकर बिहार को विकसित और समृद्ध राज्य बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
बांकीपुर उपचुनाव से गरमाई बिहार की सियासत
इधर, 30 जुलाई को होने वाले बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बिहार की राजनीति पहले से ही गर्म है। यह सीट भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई थी।
भाजपा ने पहले अभिषेक कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन नामांकन दाखिल करने के अगले ही दिन उन्होंने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली। इसके बाद पार्टी ने नीरज सिन्हा को नया उम्मीदवार घोषित किया।
प्रशांत किशोर ने भी साधा था बीजेपी पर निशाना
भाजपा का मजबूत गढ़ मानी जाने वाली बांकीपुर सीट इस बार कई कारणों से चर्चा में है। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर खुद इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं और लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।
भाजपा उम्मीदवार बदलने के बाद प्रशांत किशोर ने कहा था कि भाजपा का उम्मीदवार “बांकीपुर की जनता के डर से चुनावी मैदान छोड़कर भाग गया।” हालांकि, भाजपा ने इस बयान पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
ऐसे में बांकीपुर उपचुनाव और बिहार की सियासत दोनों पर राजनीतिक दलों की नजरें टिकी हुई हैं।


