‘नेक संवाद’ में जुटे NDA के दिग्गज, CM सम्राट चौधरी ने किया बड़ा ऐलान; हर महीने तय होंगे 5 जनकल्याण दिवस, 1 करोड़ नए राशन कार्ड और जिलों के दौरे की घोषणा

पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘नेक संवाद’ में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय, बिहार के सर्वांगीण विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एनडीए नेताओं और जिलाध्यक्षों के साथ नियमित संवाद की परंपरा स्थापित कर गठबंधन को मजबूत आधार दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं, जबकि नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के विजन को पूरा करने के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सरकार ने हर महीने 5 विशेष जनकल्याण दिवस तय किए हैं। प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को प्रखंड स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित होंगे, जिनमें प्राप्त शिकायतों का 30 दिनों के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। यदि किसी मामले का समाधान नहीं होता है, तो दूसरे मंगलवार को मुख्यमंत्री स्तर पर आयोजित राज्यस्तरीय सहयोग शिविर में उसका निपटारा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह की 10 तारीख को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत लगभग एक करोड़ लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि भेजी जाएगी। वहीं प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को ‘पंचायत विकास दिवस’ आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्णय से सामाजिक सुरक्षा पेंशन को ₹400 से बढ़ाकर ₹1,100 किया गया है। महिलाओं के लिए रोजगार योजनाएं, घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली तथा पेंशन वृद्धि जैसी योजनाओं के कारण राज्य सरकार पर लगभग ₹9,000 करोड़ का अतिरिक्त वित्तीय भार आया है, जिसे सरकार जनहित में वहन कर रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य में 2.5 लाख घरों की छतों पर प्रथम चरण में सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं और सभी जिलाध्यक्षों से इस अभियान में सहयोग करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि बिहार में 1 करोड़ नए राशन कार्ड बनाए जाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। उन्होंने एनडीए नेताओं और कार्यकर्ताओं से पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें आवेदन कराने में सहयोग करने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि 15 अगस्त के बाद वे स्वयं जिलों का दौरा करेंगे, विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे और जिलों में रात्रि विश्राम भी करेंगे।

उन्होंने बताया कि राज्य के सभी जिलों में मार्च से पहले पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों के निर्माण कार्य शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। 20 सूत्री समिति और नागरिक परिषद से मिलने वाले सुझावों के आधार पर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।

बैठक को जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, एनडीए घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों तथा सात जिलों के एनडीए जिलाध्यक्षों ने भी संबोधित किया।

  • ये भी पढ़े..

    तेज प्रताप यादव का बड़ा दावा- ‘बिहार में जल्द गिरेगी NDA सरकार’, बोले- नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी को लगाई फटकार

    Share Add as a preferred…

    नामांकन के 24 घंटे बाद BJP उम्मीदवार अभिषेक बंटी ने छोड़ा चुनावी मैदान, चेहरे की मायूसी बनी चर्चा

    Share Add as a preferred…