बांकीपुर उपचुनाव: RJD ने रेखा गुप्ता को बनाया उम्मीदवार, अब प्रशांत किशोर से सीधा मुकाबला, BJP के उम्मीदवार का इंतजार

पटना: बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए राजनीतिक तस्वीर तेजी से साफ होती जा रही है। जन सुराज द्वारा प्रशांत किशोर को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद अब राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने भी अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। पार्टी ने एक बार फिर रेखा गुप्ता पर भरोसा जताया है।

RJD ने फिर खेला रेखा गुप्ता पर दांव

प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषणा करते हुए कहा कि बांकीपुर उपचुनाव में रेखा गुप्ता ही पार्टी की उम्मीदवार होंगी।

रेखा गुप्ता वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में भी इसी सीट से चुनाव लड़ चुकी हैं, लेकिन तब उन्हें भाजपा के नितिन नबीन के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

कांग्रेस को लगा झटका

सूत्रों के अनुसार, इस सीट पर कांग्रेस भी अपनी दावेदारी कर रही थी। लेकिन आरजेडी द्वारा एकतरफा उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद महागठबंधन के भीतर इस फैसले को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है।

कौन हैं रेखा गुप्ता?

50 वर्षीय रेखा गुप्ता वैश्य समुदाय से आती हैं और उन्हें नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का करीबी माना जाता है। वह लंबे समय से बांकीपुर क्षेत्र में सक्रिय राजनीति कर रही हैं और पार्टी संगठन में भी उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।

प्रशांत किशोर की पहली चुनावी परीक्षा

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पहली बार खुद चुनावी मैदान में उतर रहे हैं। रविवार को उनकी उम्मीदवारी की आधिकारिक घोषणा की गई।

हालांकि 2025 के विधानसभा चुनाव में जन सुराज की उम्मीदवार वंदना कुमारी तीसरे स्थान पर रही थीं और उनकी जमानत भी जब्त हो गई थी। ऐसे में इस बार प्रशांत किशोर के सामने अपनी राजनीतिक ताकत साबित करने की बड़ी चुनौती होगी।

BJP ने अभी नहीं खोले पत्ते

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के इस्तीफे के बाद यह सीट खाली हुई है। पार्टी ने अभी तक अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि जल्द ही नाम का ऐलान किया जाएगा।

2025 चुनाव का परिणाम

पिछले विधानसभा चुनाव में इस सीट पर भाजपा ने बड़ी जीत दर्ज की थी।

  • नितिन नबीन (BJP) – 98,299 वोट
  • रेखा गुप्ता (RJD) – 46,363 वोट
  • वंदना कुमारी (जन सुराज) – 7,717 वोट

भाजपा ने लगभग 52 हजार वोटों के बड़े अंतर से जीत हासिल की थी।

अब 30 जुलाई को होने वाला उपचुनाव भाजपा की प्रतिष्ठा, प्रशांत किशोर की राजनीतिक साख और आरजेडी की वापसी—तीनों के लिए अहम माना जा रहा है।

  • ये भी पढ़े..

    भागलपुर में पत्नी की हत्या का 24 घंटे में खुलासा, अवैध संबंध के शक में वारदात को अंजाम देने वाला पति गिरफ्तार

    Share Add as a preferred…

    गया हत्याकांड का खुलासा: प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, 2 गिरफ्तार, एक नाबालिग निरुद्ध

    Share Add as a preferred…