
पटना: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के संदेश के बाद उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लंबा संदेश साझा किया। उन्होंने राजद कार्यकर्ताओं और समर्थकों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए ‘लालूवाद’ की विचारधारा को जनता के अधिकारों और सामाजिक न्याय की लड़ाई से जोड़ा।
रोहिणी आचार्य ने लिखा कि,
“सामाजिक-आर्थिक न्याय हमारा संकल्प है, जनता हमारी ताकत है, संघर्ष हमारी पहचान है, लालू जी हमारे आदर्श हैं और संविधान हमारा मार्गदर्शक है।”
उन्होंने कहा कि 5 जुलाई राजद का वास्तविक स्थापना दिवस है। इसी दिन 1997 में लालू प्रसाद यादव ने आर्थिक और सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता, समानता, सामाजिक समरसता तथा वंचित-शोषित समाज की आवाज़ को मजबूत करने के उद्देश्य से पार्टी की स्थापना की थी।
रोहिणी ने अपने संदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं से लालू प्रसाद यादव के विचारों और संघर्ष की विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान करते हुए लिखा,
“आइए, हम सब मिलकर लालू जी के मूल्यों और विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लें। सच्चा लालूवादी वही है जो जनता का विश्वास कायम रखे और समाज के अंतिम व्यक्ति के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहे।”
उन्होंने अपने संदेश का समापन इन नारों के साथ किया—
“जय सामाजिक न्याय, जय लालूवाद, जय हिंद, जय बिहार।”
इससे पहले राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने भी स्थापना दिवस पर बिहार की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के नाम संदेश जारी कर संगठन को मजबूत बनाने तथा सामाजिक न्याय की लड़ाई को और तेज करने का आह्वान किया था।


