भोजपुर में नशे में धुत होमगार्ड का हाईवोल्टेज ड्रामा, पीपा पुल पर राहगीरों से मारपीट के बाद तीन गिरफ्तार

भोजपुर: भोजपुर जिले के सिन्हा थाना क्षेत्र स्थित गंगा नदी पर बने पीपा पुल पर गुरुवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब नशे में धुत एक होमगार्ड जवान और उसके साथियों ने राहगीरों के साथ जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि स्कॉर्पियो वाहन से पहुंचे इन लोगों ने पहले पुल पर आवागमन कर रहे लोगों को रोका, फिर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, राहगीरों से रंगदारी वसूलने और रुपये छीनने की भी शिकायत सामने आई है। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो सवार सभी लोग शराब के नशे में थे और उनकी हरकतें लगातार आक्रामक होती जा रही थीं। पुल से गुजर रहे कई लोगों ने पहले उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने किसी की एक नहीं सुनी। उल्टा विरोध करने वालों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपियों का रवैया ऐसा था मानो उन्हें कानून का कोई डर ही नहीं हो।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल सिन्हा थाना को सूचना दी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष राजू कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया है। हालांकि दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदेश थाना क्षेत्र के अखगांव निवासी रोहित कुमार, नवादा थाना क्षेत्र के अनाइठ मिल्की निवासी सोनू कुमार, तथा अनाइठ एकता नगर निवासी अभिषेक कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि रोहित कुमार आरा ट्रैफिक थाना में होमगार्ड जवान के रूप में तैनात है। इस खुलासे के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सभी आरोपी उत्तर प्रदेश से लौट रहे थे। इसी दौरान पीपा पुल पर पहुंचने के बाद उन्होंने अचानक राहगीरों से बदसलूकी शुरू कर दी। नशे के कारण उनका व्यवहार पूरी तरह अनियंत्रित था। आरोप है कि उन्होंने राहगीरों को रोककर धमकाया और जब लोगों ने विरोध किया तो मारपीट पर उतर आए।

इस मामले में कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के उदयभानपुर गांव के कुछ युवकों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वे मेले में घूमने के लिए पहुंचे थे, तभी स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। पहले उनसे बहस की गई, फिर मारपीट करते हुए कथित तौर पर करीब पांच हजार रुपये छीन लिए गए। युवकों के शोर मचाने पर आसपास के लोग जमा हुए, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

उदयभानपुर निवासी राज कुमार के बयान पर पुलिस ने मारपीट, रंगदारी, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। साथ ही, गिरफ्तार होमगार्ड जवान के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू होने की संभावना है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस व्यक्ति पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी हो, यदि वही इस तरह की घटनाओं में शामिल पाया जाए तो यह बेहद चिंताजनक है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

  • ये भी पढ़े..

    लालू के एक फोन ने बदल दिया था बिहार का कानून! 10 सर्कुलर रोड का पूरा सच

    Share Add as a preferred…

    बिहार में पहली बार हेलीकॉप्टर पर्यटन सेवा: 15 जुलाई से आसमान से देखिए पटना, राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर की खूबसूरती

    Share Add as a preferred…