
नई दिल्ली: देश में बैटरी चालित वाहनों, खासकर ई-रिक्शा, की सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने ऐसे तीन चीनी मोबाइल ऐप्स पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है, जिनके जरिए कथित तौर पर ई-रिक्शा को दूर से नियंत्रित या बंद किया जा सकता था।
मंत्रालय के अनुसार, जिन ऐप्स पर कार्रवाई की गई है उनमें बैट-बीएमएस (BAT-BMS), लॉसिगी (LoSigi) और एपैक-आई-आयन (Epak-i-ion) शामिल हैं। सरकार ने संबंधित प्लेटफॉर्म से इन ऐप्स को तत्काल हटाने का निर्देश दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हुए थे, जिनमें दिखाया गया कि ब्लूटूथ आधारित लिथियम-आयन बैटरी सिस्टम से जुड़े ई-रिक्शा को करीब 15 मीटर दूर से रिमोट शटडाउन फीचर के जरिए चलते-चलते बंद किया जा रहा था। इसे लेकर साइबर सुरक्षा और सड़क सुरक्षा दोनों पर गंभीर सवाल उठे।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह का फीचर गलत हाथों में पड़ने पर बड़ा खतरा बन सकता है। चलते वाहन को अचानक बंद करने से सड़क दुर्घटना की आशंका बढ़ सकती है, वहीं साइबर हमलों के जरिए वाहनों को नियंत्रित करने का खतरा भी बना रहता है।
आईटी मंत्रालय ने शिकायतों का संज्ञान लेते हुए कहा है कि ऐसे किसी भी डिजिटल टूल को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, जो सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा बने। सरकार इस मुद्दे को ऐप स्टोर्स और संबंधित कंपनियों के समक्ष भी उठाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह के जोखिम वाले ऐप्स उपलब्ध न हो सकें।
सरकार के इस फैसले के बाद ई-रिक्शा चालकों और आम यात्रियों में राहत की उम्मीद बढ़ी है। माना जा रहा है कि इससे सड़क सुरक्षा मजबूत होगी और स्मार्ट वाहन तकनीक के दुरुपयोग पर रोक लगेगी।


