
भागलपुर: तिलकामांझी थाना क्षेत्र के चर्चित बिल्डर बजरंगी कुमार हत्याकांड में पुलिस ने 12 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी प्रेमिका सीमा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि लंबे समय से चल रहे संबंधों के बीच कथित तौर पर उत्पीड़न और क्रूर व्यवहार से परेशान होकर सीमा ने इस वारदात को अंजाम दिया।
भागलपुर पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में सीमा ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया कि घटना वाली रात बजरंगी ने उसके साथ उसकी इच्छा के विरुद्ध अमानवीय व्यवहार किया, जिससे वह बेहद आक्रोशित हो गई। इसी गुस्से में अगले दिन सुबह कार्यालय में रखे धारदार हथियार से उसने बजरंगी पर हमला कर दिया। गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण बजरंगी की मौके पर ही मौत हो गई।
जांच में यह भी सामने आया कि सीमा और बजरंगी के बीच कई वर्षों से संबंध थे। बजरंगी की पत्नी भी सीमा को पहचानती थी और इस रिश्ते को लेकर परिवार में तनाव की स्थिति बनी रहती थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले भी सीमा बजरंगी के कार्यालय में रुकी थी।
पुलिस ने आरोपी सीमा के पास से कई अहम सामान बरामद किए हैं, जिनमें क्रेडिट कार्ड, एटीएम कार्ड, जमीन से जुड़े 11 दस्तावेज, पासबुक, चेकबुक, डायरी, मोबाइल फोन और अन्य निजी कागजात शामिल हैं। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि हत्या के बाद ये दस्तावेज सीमा अपने साथ क्यों ले गई थी।
मामले के खुलासे में सीसीटीवी फुटेज ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान सुनिश्चित की। फुटेज में हेलमेट पहने एक संदिग्ध व्यक्ति कार्यालय से निकलता दिखा, जिसकी पहचान बाद में सीमा के रूप में हुई।
एसएसपी ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार (दबिया), खून से सने कपड़े और अन्य साक्ष्य भी बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस मामले के हर पहलू—हत्या, आर्थिक लेन-देन और दस्तावेजों के संबंध—की गहराई से जांच कर रही है।
इस सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे भागलपुर में हलचल मचा दी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद चार्जशीट दाखिल की जाएगी और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई तेज की जाएगी।


