भागलपुर बिल्डर हत्याकांड: पत्नी के ब्यूटी पार्लर में हुई थी बजरंगी और सीमा की मुलाकात, दोस्ती बनी रिश्ते की वजह

भागलपुर: चर्चित बिल्डर बजरंगी कुमार हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। जांच में पता चला है कि आरोपी युवती सीमा और मृतक बजरंगी कुमार की पहली मुलाकात बजरंगी की पत्नी के ब्यूटी पार्लर में हुई थी। वहीं से दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे गहरे संबंध में बदल गई।

सूत्रों के अनुसार, बजरंगी और सीमा की पहचान करीब 10 वर्ष पहले हुई थी। बताया जा रहा है कि बजरंगी की पत्नी चुन्नी देवी का एसएम कॉलेज रोड स्थित एक ब्यूटी पार्लर था, जहां सीमा अक्सर आया-जाया करती थी। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। शुरुआती दोस्ती बाद में निजी रिश्ते में बदल गई, जिससे पारिवारिक तनाव भी बढ़ने लगा।

जानकारी के मुताबिक सीमा पहले आदमपुर इलाके में किराये के मकान में रहती थी, लेकिन लगभग एक वर्ष पहले वह पीरपैंती के रस्सारी क्षेत्र में रहने लगी। वहां से भी वह अक्सर भागलपुर आकर बजरंगी से मिलती थी। पुलिस को यह भी संकेत मिले हैं कि सीमा को लेकर बजरंगी और उनकी पत्नी के बीच कई बार विवाद हुआ था।

जांच में यह बात भी सामने आई कि सीमा सामान्य कॉल के बजाय सोशल मीडिया मैसेजिंग ऐप के जरिए बजरंगी से संपर्क करती थी। वारदात वाले दिन शाम में भी दोनों के बीच बातचीत हुई थी। पुलिस के अनुसार, सीमा बुधवार शाम पब्लिक ट्रांसपोर्ट से पीरपैंती से भागलपुर पहुंची थी। नए बाजार इलाके में पहुंचने के बाद उसने अपना मोबाइल बंद कर लिया ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस न हो सके।

इसके बाद दोनों बाइक से तिलकामांझी थाना क्षेत्र स्थित कार्यालय पहुंचे। लोगों की नजरों से बचने के लिए बजरंगी ने हेलमेट पहन रखा था। देर रात दोनों कार्यालय में रहे, जहां किसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और मामला हिंसक हो गया।

पुलिस जांच के अनुसार, विवाद के दौरान सीमा ने धारदार हथियार से बजरंगी पर हमला किया। गंभीर चोट और अधिक रक्तस्राव के कारण बजरंगी की मौत हो गई। मामले में पुलिस पहले ही आरोपी सीमा को गिरफ्तार कर चुकी है और हत्या के पीछे के पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

एसएसपी ने कहा है कि मामले की जांच वैज्ञानिक तरीके से की जा रही है और जल्द ही चार्जशीट दाखिल की जाएगी। इस हत्याकांड ने पूरे भागलपुर में सनसनी फैला दी है।

  • ये भी पढ़े..

    लालू के एक फोन ने बदल दिया था बिहार का कानून! 10 सर्कुलर रोड का पूरा सच

    Share Add as a preferred…

    बिहार में पहली बार हेलीकॉप्टर पर्यटन सेवा: 15 जुलाई से आसमान से देखिए पटना, राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर की खूबसूरती

    Share Add as a preferred…