भागलपुर : डाउन लाइन पर जा रहे मजदूरों को मालगाड़ी ने रौंदा, तीन की मौत, परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

भागलपुर/कहलगांव: भागलपुर जिले के शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई। रेलवे ट्रैक पर मेंटेनेंस कार्य के लिए जा रहे मजदूर मालगाड़ी की चपेट में आ गए, जिससे घटनास्थल पर ही तीन लोगों ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक संवेदक के अधीन करीब 35 मजदूर रेलवे की अप लाइन पर मेंटेनेंस कार्य के लिए लगाए गए थे। गुरुवार रात लगभग 12 बजे के बाद सभी मजदूर मशीन और जरूरी उपकरणों के साथ कार्यस्थल की ओर रवाना हुए। बताया जा रहा है कि अधिकांश मजदूर अप लाइन से आगे बढ़ रहे थे, जबकि चार मजदूर डाउन लाइन का सहारा लेकर चल रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार मालगाड़ी आ गई और चारों मजदूर उसकी चपेट में आ गए। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।

घटना के बाद रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए। शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस का दृश्य बेहद मार्मिक रहा, जहां परिजन बदहवास होकर रोते-बिलखते नजर आए। एक मृतक की पत्नी अपने मासूम बच्चों को देखकर लगातार विलाप करती रही कि अब उनके परिवार का सहारा कौन बनेगा। वहीं बुजुर्ग मां का रो-रोकर बुरा हाल था।

शिवनारायणपुर स्टेशन मास्टर के अनुसार, रात 12 बजे से सुबह 3 बजे तक केवल अप लाइन का ब्लॉक लिया गया था। डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन सामान्य रूप से जारी था और मालगाड़ी को भी निर्धारित समय पर रवाना किया गया था। ऐसे में मजदूरों का डाउन लाइन पर जाना गंभीर लापरवाही माना जा रहा है।

रेलवे अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में कहा है कि प्रथम दृष्टया रेलवे की सीधी जिम्मेदारी नहीं दिख रही। अधिकारियों के मुताबिक, संवेदक द्वारा सुरक्षा मानकों और रेलवे के निर्धारित नियमों का पालन किया गया या नहीं, इसकी जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

इस हादसे ने तीन परिवारों से उनकी खुशियां छीन लीं। अब परिजनों की मांग है कि मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए और हादसे के जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई हो।

  • ये भी पढ़े..

    39 हार्डिंग रोड का सरकारी बंगला: संयोग, अंधविश्वास या राजनीतिक चर्चा? राबड़ी देवी के नए आवास पर क्यों हो रही इतनी बातें

    Share Add as a preferred…

    प्रेमी की कथित बेवफाई से आहत युवती मोबाइल टावर पर चढ़ी, बगहा में घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा

    Share Add as a preferred…