मधुबनी में शौच के लिए निकली युवती से गैंगरेप का आरोप, एक आरोपी गिरफ्तार; दो की तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी

मधुबनी: बिहार के मधुबनी जिले के खजौली थाना क्षेत्र में 24 वर्षीय युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

घर से शौच के लिए निकली थी युवती

पीड़िता के परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, युवती शौच के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि दो युवक उसे जबरन उठाकर करीब डेढ़ किलोमीटर दूर झाड़ियों में ले गए, जहां पहले से मौजूद एक अन्य युवक के साथ मिलकर तीनों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और बाद में फरार हो गए।

तीन आरोपियों के खिलाफ नामजद केस

पुलिस ने पीड़िता के पिता के आवेदन के आधार पर खजौली थाना क्षेत्र के रहने वाले रौशन कुमार, कन्हैया और रामानंद के विरुद्ध नामजद मामला दर्ज किया है।

मधुबनी के पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर डीएसपी-2 के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया है।

एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार

विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रौशन यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

वहीं, फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

मेडिकल जांच और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई

पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है। साथ ही घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया है, ताकि वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें।

SP का बयान

मधुबनी एसपी योगेंद्र कुमार ने कहा,

“घटना में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।”

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश में विशेष टीम लगातार अभियान चला रही है।

  • ये भी पढ़े..

    ललमटिया थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3.590 किलोग्राम गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार

    Share Add as a preferred…

    बिहार में 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप बनेंगी, HUDCO के साथ 1 लाख करोड़ के समझौते से शहरी विकास को मिलेगी नई रफ्तार

    Share Add as a preferred…