पटना में मद्य निषेध विभाग की टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग, शराब तस्करों ने सरकारी स्कॉर्पियो को बनाया निशाना; होमगार्ड जवान बाल-बाल बचा

पटना: बिहार में शराब माफियाओं के बढ़ते दुस्साहस का एक और बड़ा मामला सामने आया है। राजधानी पटना के पालीगंज अनुमंडल में मद्य निषेध विभाग की टीम पर शराब तस्करों ने जानलेवा हमला कर दिया। मंगलवार देर रात छापेमारी कर लौट रही टीम की सरकारी स्कॉर्पियो पर अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की। हमले में गोली वाहन के गेट के शीशे को चीरते हुए बाहर निकल गई। गनीमत रही कि गाड़ी में मौजूद पुलिसकर्मी और गिरफ्तार किए गए लोग सुरक्षित बच गए।

छापेमारी कर लौट रही थी मद्य निषेध विभाग की टीम

मद्य निषेध विभाग के अधिकारी वैद्यनाथ यादव ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर विभाग की विशेष टीम तीन अलग-अलग वाहनों से महराजगंज मुसहरी इलाके में छापेमारी के लिए गई थी। कार्रवाई के दौरान टीम ने पांच शराबियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया और उन्हें सरकारी स्कॉर्पियो में बैठाकर मद्य निषेध थाना पालीगंज लेकर लौट रही थी।

अख्तियारपुर पुल के पास घात लगाकर किया हमला

पुलिस टीम जैसे ही अख्तियारपुर पुल के पास पहुंची, पहले से घात लगाए बैठे हथियारबंद बदमाशों ने अचानक स्कॉर्पियो पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि बदमाश गिरफ्तार शराबियों को छुड़ाने के इरादे से हमला करने आए थे।

सरकारी वाहन का शीशा चीरती हुई निकली गोली

अपराधियों द्वारा चलाई गई एक गोली स्कॉर्पियो के दाहिने गेट के शीशे को भेदते हुए बाएं गेट के शीशे से बाहर निकल गई। वाहन में मौजूद होमगार्ड जवान प्रिंस कुमार मिश्रा बाल-बाल बच गए। यदि गोली का निशाना थोड़ा भी बदल जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

होमगार्ड जवान ने बताया कि हमला अचानक हुआ और ऐसा लग रहा था कि अपराधी गिरफ्तार किए गए लोगों को छुड़ाने की कोशिश कर रहे थे।

पुलिस पहुंची, लेकिन आरोपी हो चुके थे फरार

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे। पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया, हालांकि देर रात तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पालीगंज थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

“देर रात अख्तियारपुर पुल के पास घटना हुई थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अपराधी फरार हो चुके थे। मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।”
– संतोष कुमार सिंह, थाना प्रभारी, पालीगंज

शराब माफियाओं के बढ़ते दुस्साहस से सुरक्षा पर सवाल

मद्य निषेध विभाग की टीम पर हुए इस जानलेवा हमले ने एक बार फिर शराब माफियाओं के बढ़ते मनोबल और पुलिस पर उनके हमलावर रवैये को उजागर कर दिया है। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में सतर्कता बढ़ा दी गई है और हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

  • ये भी पढ़े..

    भागलपुर में चोरी से परेशान ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, लोदीपुर टोल प्लाजा के पास पकड़ा गया कथित चोर

    Share Add as a preferred…

    भागलपुर में पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक मोड़, चाकूबाजी में महिला समेत दो लोग घायल

    Share Add as a preferred…