
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार को लॉर्ड्स में खेले गए ग्रुप-ए के अहम मुकाबले में भारत को ऑस्ट्रेलिया के हाथों 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही भारतीय टीम का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया, जबकि ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
मंधाना-शेफाली ने दी मजबूत शुरुआत
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 9.1 ओवर में 66 रन जोड़े। हालांकि टी20 के लिहाज से यह साझेदारी अपेक्षाकृत धीमी रही।
शेफाली वर्मा ने 26 गेंदों में 34 रन बनाए, जबकि स्मृति मंधाना ने 37 गेंदों पर 38 रन की पारी खेली।
हरमनप्रीत ने खेली कप्तानी पारी
सलामी बल्लेबाजों के आउट होने के बाद जेमिमा रोड्रिग्स और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पारी को संभाला। जेमिमा ने 28 गेंदों पर 34 रन बनाए, लेकिन चोट के कारण रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चली गईं।
दूसरे छोर पर हरमनप्रीत कौर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए शानदार अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 27 गेंदों में 56 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। आखिरी ओवर में लगातार तीन छक्के लगाकर उन्होंने भारत का स्कोर 4 विकेट पर 170 रन तक पहुंचाया।
दीप्ति शर्मा 1 गेंद में 4 रन और ऋचा घोष 1 रन बनाकर नाबाद रहीं।
ऑस्ट्रेलिया ने आसानी से हासिल किया लक्ष्य
171 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने संयमित बल्लेबाजी की और 6 विकेट शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
भारत की हार के साथ ही करोड़ों क्रिकेट प्रशंसकों की वर्ल्ड कप जीतने की उम्मीदें भी टूट गईं। भारतीय टीम ने कई मौकों पर अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन निर्णायक मुकाबले में जीत हासिल करने में सफल नहीं हो सकी।


