
पूर्णिया (बिहार): बिहार के पूर्णिया जिले के डगरुआ थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में ट्रैक्टर पलटने से चालक समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब ट्रैक्टर एक खराब वाहन को टोचन (खींचने) के लिए जा रहा था। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर पर चालक सहित दो मजदूर सवार थे। जैसे ही वाहन डगरुआ क्षेत्र के पास पहुंचा, ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिर गया। पलटने के बाद ट्रैक्टर के नीचे दबने से तीनों लोग पानी में फंस गए।
हादसे के बाद मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद सभी को पानी से बाहर निकाला और तत्काल पूर्णिया के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, इस हादसे में सदर थाना क्षेत्र के चिमनी बाजार दरगाह टोला निवासी मोहम्मद हसेन सहित तीन लोगों की मौत हुई है। हालांकि, पुलिस अभी अन्य मृतकों की पहचान की पुष्टि कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही डगरुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी घायलों को अस्पताल ले जाया जा चुका था। बाद में पुलिस जीएमसीएच पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
डगरुआ थाना के सब इंस्पेक्टर संतोष ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिरने की बात सामने आई है, लेकिन पूरी घटना की जांच की जा रही है।
इस हादसे के बाद इलाके में सड़क किनारे बने गहरे गड्ढों और उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे खतरनाक स्थानों को जल्द भरने और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।


