बड़ा खुलासा: हाजीपुर नगर परिषद के लेखापाल के ठिकानों पर EOU की रेड, आय से 208% अधिक संपत्ति का आरोप

पटना/हाजीपुर: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अभियान के तहत आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए हाजीपुर नगर परिषद में कार्यरत लेखापाल मनीष कुमार के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। जांच में उनके पास 2.02 करोड़ रुपये से अधिक की कथित अवैध संपत्ति होने के प्रारंभिक साक्ष्य मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।

208.57% अधिक संपत्ति होने का दावा

EOU के अनुसार, गुप्त सूचना के सत्यापन के बाद मनीष कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि उनकी ज्ञात आय की तुलना में करीब 2 करोड़ 2 लाख 31 हजार 500 रुपये की अतिरिक्त संपत्ति पाई गई, जो उनकी वैध आय से लगभग 208.57 प्रतिशत अधिक है।

दो ठिकानों पर एक साथ छापा

विशेष न्यायालय निगरानी, उत्तर बिहार, मुजफ्फरपुर से तलाशी वारंट मिलने के बाद EOU की टीम ने हाजीपुर के बागमली स्थित निजी आवास और नगर परिषद कार्यालय परिसर स्थित सरकारी आवास पर एक साथ छापेमारी शुरू की। अधिकारियों ने बैंक खाते, निवेश, जमीन-जायदाद और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की जांच की।

भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार कार्रवाई

बिहार में हाल के दिनों में आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार के मामलों में निगरानी एवं जांच एजेंसियां लगातार सक्रिय हैं। कई विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई हो चुकी है। EOU का कहना है कि तलाशी पूरी होने के बाद बरामदगी और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां सार्वजनिक की जाएंगी।

जांच पूरी होने के बाद सामने आएंगे बड़े खुलासे

फिलहाल छापेमारी जारी है और जांच एजेंसियां संपत्ति के स्रोतों की पड़ताल कर रही हैं। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

  • ये भी पढ़े..

    पटना सिटी एसपी दीक्षा का कैडर बदला, बिहार से AGMUT कैडर में हुईं स्थानांतरित

    Share Add as a preferred…

    बिहार की चार महिला IPS अधिकारियों को मिला प्रमोशन, गृह विभाग ने जारी की अधिसूचना

    Share Add as a preferred…