मुजफ्फरपुर में शराब तस्कर को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, महिला सिपाही समेत 8 जवान घायल

देर रात छापेमारी के दौरान ग्रामीणों और असामाजिक तत्वों ने किया पथराव, पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से पुलिस पर हमले की बड़ी खबर सामने आई है। पारू थाना क्षेत्र के दामोदरपुर गांव में शराब तस्कर की गिरफ्तारी के लिए गई पुलिस टीम पर देर रात हमला कर दिया गया। उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों को घेरकर जमकर ईंट-पत्थर बरसाए, जिसमें एक महिला सिपाही सहित आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए। हमले में पुलिस वाहन को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

शराब तस्कर की गिरफ्तारी के दौरान भड़का बवाल

जानकारी के अनुसार पारू थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि दामोदरपुर गांव में एक शराब कारोबारी बड़ी मात्रा में अवैध शराब के साथ मौजूद है। इसी सूचना के आधार पर सोमवार देर रात करीब 2 बजे पुलिस टीम गांव में छापेमारी करने पहुंची।

बताया जा रहा है कि जैसे ही पुलिस ने चिन्हित शराब तस्कर को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की, उसके समर्थन में कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण और असामाजिक तत्व मौके पर जमा हो गए और पुलिस टीम को चारों ओर से घेर लिया।

पुलिस पर बरसे ईंट-पत्थर, वाहन तोड़ा

स्थिति अचानक हिंसक हो गई और उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। हमले में पुलिस वाहन का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुए हमले से पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

महिला सिपाही समेत 8 पुलिसकर्मी घायल

हमले में महिला सिपाही पुष्पा कुमारी सहित कुल आठ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल जवानों में सन्नी कुमार, पुलकित कुमार, रामभरोस यादव और पुष्पा कुमारी शामिल हैं। सभी को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

डॉक्टरों ने चार पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच रेफर कर दिया। वहीं मो. मुमताज, अजय कुमार, पंकज कुमार और विवेक कुमार का प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

पूरे गांव में कॉम्बिंग ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर भेजा गया और पूरे इलाके में कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। पुलिस हमले में शामिल लोगों की पहचान कर रही है और कई संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है।

आरोपियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

फिलहाल दामोदरपुर गांव और आसपास के इलाकों में पुलिस की विशेष निगरानी जारी है तथा स्थिति पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।

  • ये भी पढ़े..

    सिंगापुर से लौटते ही ‘एक्शन मोड’ में लालू! बिना एस्कॉर्ट पटना की सड़कों पर निकले, सियासी गलियारों में शुरू हुई नई चर्चा

    Share Add as a preferred…

    लालू के जन्मदिन पर भावुक हुए तेज प्रताप, बोले- “अगर मेरी उम्र भी पापा को लग जाए तो इससे बड़ी खुशी नहीं”

    Share Add as a preferred…