खगड़िया में आधी रात का खूनी तांडव: घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला, महिला की मौत; माता-पिता समेत 4 घायल

बिहार के खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र स्थित करुआमोड़ में रविवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। अज्ञात बदमाशों ने एक घर में घुसकर पूरे परिवार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में 28 वर्षीय अर्चना कुमारी की मौत हो गई, जबकि उनके माता-पिता और दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतका अर्चना कुमारी कुछ महीने पहले ही अपने मायके आई थीं। हमले में उनके पिता जयकांत पासवान, मां पार्वती देवी, बेटी परी कुमारी और बेटा यश कुमार भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को सोमवार सुबह इलाज के लिए सदर अस्पताल खगड़िया लाया गया, जहां डॉक्टरों ने अर्चना को मृत घोषित कर दिया। वहीं जयकांत पासवान और पार्वती देवी की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सदर एसडीपीओ मुकुल रंजन ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और बताया कि हमले के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। मामले की गहन जांच की जा रही है तथा एहतियातन इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार परिवार का पूर्व से भूमि विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद को लेकर वारदात को अंजाम दिया गया हो। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

  • ये भी पढ़े..

    बिहार में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने को बड़ा फैसला: दोपहिया के बाद अब ऑटो, टेंपो और ट्रैक्टरों पर बढ़ेगी सख्ती; पीएसए ऐप (PSA App) से होगी रोजाना समीक्षा

    Share Add as a preferred…

    पटना हाईकोर्ट, सिविल कोर्ट और पुलिस मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला शातिर जयपुर से गिरफ्तार: विशेष जांच टीम (SIT) ने आरोपी अनिश कुमार वर्मा को दबोचा

    Share Add as a preferred…