
बिहार में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। राज्य के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन कई परिवारों पर यह मौसम कहर बनकर टूटा। अचानक आए खराब मौसम, वज्रपात और अन्य हादसों में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है।
मृतकों में औरंगाबाद, गया, सारण और खगड़िया जिले के लोग शामिल हैं। लगातार हो रही बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं के बाद प्रशासन अलर्ट मोड में है।
CM सम्राट चौधरी ने जताया दुख, मुआवजे का किया ऐलान
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वज्रपात और बारिश से हुई मौतों पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत राशि देने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में बिहार सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने आपदा प्रबंधन विभाग को निर्देश दिया कि सभी मृतकों के परिजनों को अविलंब 4-4 लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान उपलब्ध कराया जाए।
एक्स पर लिखा भावुक संदेश
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा:
“राज्य में वज्रपात की घटना में औरंगाबाद में 02, गया में 03, सारण में 1 और खगड़िया में 1 व्यक्ति की असामयिक मृत्यु अत्यंत दुःखद है। शोक संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें एवं परिजनों को इस कठिन समय में संबल दें।”
उन्होंने आगे कहा कि आपदा प्रबंधन विभाग को तत्काल राहत राशि देने का निर्देश दिया गया है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मुख्यमंत्री ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि वज्रपात से बचाव के लिए आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और खराब मौसम के दौरान यथासंभव घरों में ही रहें।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बिहार के कई जिलों में तेज हवा, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी है।


