शराबियों के हंगामे की सूचना पर पहुंची थी पुलिस, ASI का फूटा सिर, महिला जवान की राइफल छीनी, 9 गिरफ्तार

बिहार के सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस टीम पर हुए हमले से इलाके में सनसनी फैल गई। शराब के नशे में हंगामा कर रहे युवकों की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर स्थानीय उपद्रवियों ने अचानक हमला बोल दिया। इस हमले में एक एएसआई और एक महिला होमगार्ड घायल हो गए, जबकि सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

महादलित टोला में पहुंची थी पुलिस टीम

जानकारी के मुताबिक, घटना शनिवार रात करीब 11:30 बजे की है। राघोपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-4 स्थित महादलित टोला में कुछ युवक शराब के नशे में हंगामा कर रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवकों से पूछताछ शुरू की।

शुरुआत में माहौल सामान्य था, लेकिन कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, पूछताछ के दौरान कुछ युवक आक्रामक हो गए और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

पुलिस पर पथराव और लाठी-डंडों से हमला

आरोप है कि उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में पुलिस की जिप्सी के शीशे टूट गए और वाहन को भारी नुकसान पहुंचा। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को खुद को बचाने के लिए पीछे हटना पड़ा।

हमले में एएसआई अंजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गहरी चोट आई, जिसके बाद इलाज के दौरान पांच टांके लगाए गए। वहीं महिला होमगार्ड काजल कुमारी भी घायल हो गईं।

महिला जवान की राइफल छीने जाने की चर्चा

घटना के दौरान महिला पुलिसकर्मी की राइफल छीने जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि पुलिस प्रशासन ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन स्थानीय सूत्रों के अनुसार बाद में राइफल गांव के समीप गम्हरिया उपशाखा नहर के किनारे झाड़ियों से बरामद की गई।

भारी पुलिस बल पहुंचा, 9 आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इसके बाद कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। शरथ आर एस और सुरेंद्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई।

पुलिस ने वीडियो फुटेज और स्थानीय लोगों के बयान के आधार पर अब तक 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस पर हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गांव में तनाव, पुलिस जांच जारी

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बाद में पहुंची अतिरिक्त पुलिस फोर्स ने गांव में कई लोगों के साथ मारपीट की, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

  • ये भी पढ़े..

    बीड़ी और खनन श्रमिकों के बच्चों के लिए बड़ी राहत, केंद्र सरकार दे रही 1,000 से 25,000 रुपये तक की छात्रवृत्ति

    Share Add as a preferred…

    पीएम सूर्य घर योजना में बिहार का राष्ट्रीय स्तर पर जलवा, सरकारी भवनों के सौर ऊर्जाकरण के लिए मिला प्रतिष्ठित सम्मान

    Share Add as a preferred…