
पटना के सुलतानगंज थाना क्षेत्र स्थित मुसल्लहपुर में ब्लैकआउट के दौरान मसाला कारोबारी की गोली मारकर हत्या मामले का पुलिस ने 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल एक 16 वर्षीय किशोर को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश करीब 15 दिनों से रची जा रही थी। आरोपी किशोर मृतक कारोबारी की दुकान के सामने स्थित एक दुकान में मजदूरी कर रहा था और इसी दौरान उसने कारोबारी की गतिविधियों की रेकी की। जांच में सामने आया कि ब्लैकआउट की जानकारी मिलने के बाद आरोपी ने वारदात को अंजाम देने की पूरी योजना बनाई।
बताया गया कि 14 मई की शाम करीब 7 बजे सायरन बजते ही इलाके की बिजली काट दी गई। अंधेरे का फायदा उठाकर अपराधी ने मसाला कारोबारी पिंटू कुमार को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल पिंटू कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई।
इस मामले में सुलतानगंज थाना कांड संख्या 210/26 दर्ज कर पुलिस और STF लगातार छापेमारी कर रही थी। 16 मई को पुलिस ने एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। गिरफ्तार किशोर मुसल्लहपुर हाट इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है।
जांच के दौरान पुलिस को इस हत्याकांड का संबंध बेऊर जेल से भी जुड़ा होने की जानकारी मिली है। वहीं पुलिस ने यह भी बताया कि मृतक मसाला कारोबारी शराब के अवैध कारोबार से भी जुड़ा हुआ था।
गिरफ्तार आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल एक पिस्टल, एक मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और गिरफ्तार किशोर के आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल की जा रही है।


