
बिहार के Rohtas district से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के महज 7 दिन बाद नई नवेली दुल्हन अपने पति और ससुराल वालों को चकमा देकर प्रेमी के साथ फरार हो गई। मामला दिनारा प्रखंड के भानस थाना क्षेत्र के एक गांव का है।
जानकारी के अनुसार, 1 मई को हिंदू रीति-रिवाज से दोनों की शादी बड़े धूमधाम से संपन्न हुई थी। शुरुआती दिनों में परिवार में नई बहू के आने की खुशी का माहौल था और सब कुछ सामान्य चल रहा था। लेकिन शादी के एक सप्ताह बाद ही मामला पूरी तरह बदल गया।
आरोप है कि दुल्हन ने पहले अपने प्रेमी को फोन कर ससुराल बुलाया और जैसे ही वह बाइक लेकर पहुंचा, वह उसके साथ फरार हो गई। पीड़ित पति ने भानस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि दुल्हन घर में रखे सोने-चांदी के गहने और नकदी भी अपने साथ ले गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। भानस थाना अध्यक्ष विजय बैठा के नेतृत्व में तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर छापेमारी की गई, जिसके बाद दुल्हन और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों को बरामद करने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अदालत में बयान दर्ज कराने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।


