
पटना: जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री Nitish Kumar के पुत्र Nishant Kumar ने गुरुवार को मुख्यमंत्री Samrat Choudhary की अगुवाई वाली सरकार में मंत्री पद की शपथ ली। कैबिनेट विस्तार के दौरान उनके शामिल होने को लेकर बिहार की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है।
बताया जा रहा है कि निशांत कुमार पहले बिना राजनीतिक अनुभव और मेहनत के किसी बड़े पद पर आसीन नहीं होना चाहते थे। हालांकि जदयू के कई वरिष्ठ नेताओं और करीबी सहयोगियों के समझाने के बाद उन्होंने सरकार में शामिल होने का फैसला लिया।
निशांत कुमार बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इकलौते पुत्र हैं। उनका जन्म 20 जुलाई 1975 को हुआ था। अब तक उनकी पहचान एक बेहद शांत, सरल और लो-प्रोफाइल व्यक्ति के रूप में रही है।
उनकी माता स्वर्गीय मंजू सिन्हा शिक्षिका थीं, जिनका वर्ष 2007 में निधन हो गया था। मां के निधन के बाद निशांत कुमार ने लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन से दूरी बनाए रखी और खुद को निजी जीवन तक सीमित रखा।
राजनीतिक गलियारों में लंबे समय से यह चर्चा चल रही थी कि निशांत कुमार सक्रिय राजनीति में कदम रख सकते हैं। मंत्री पद की शपथ के बाद अब माना जा रहा है कि वे बिहार की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं।


