
पटना: बिहार में आज होने जा रहे कैबिनेट विस्तार को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। सम्राट चौधरी सरकार में 31 नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। गांधी मैदान में आयोजित इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
इसी बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की नेता और लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा कर एनडीए और बीजेपी पर निशाना साधा है।
रोहिणी आचार्य द्वारा शेयर किए गए पोस्टर में शपथ ग्रहण समारोह का दृश्य दिखाया गया है। पोस्टर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को खुश मुद्रा में दर्शाया गया है, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को चिंतित अंदाज में दिखाया गया है।
पोस्टर साझा करते हुए रोहिणी आचार्य ने लिखा कि गांधी मैदान में होने वाला यह कार्यक्रम “नीतीश कुमार के राजनीतिक अवसान का अंतिम अनुष्ठान” है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी नेतृत्व ने नीतीश कुमार को राजनीतिक रूप से कमजोर कर दिया है।
अपने पोस्ट में रोहिणी ने यह भी दावा किया कि नीतीश कुमार अपने राजनीतिक भविष्य को बचाने की मजबूरी में इस कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। साथ ही उन्होंने परिवारवाद के मुद्दे को लेकर भी तंज कसते हुए कहा कि जिन मुद्दों पर नीतीश कुमार दूसरों को घेरते रहे, अब उसी रास्ते पर चलते नजर आ रहे हैं।
कैबिनेट विस्तार से पहले रोहिणी आचार्य के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में बयानबाजी और तेज हो गई है। NDA और जदयू की ओर से फिलहाल इस पोस्ट पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


