
आईपीएल 2026 के 46वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने अपने घरेलू मैदान पर पंजाब किंग्स को 4 विकेट से हराकर महत्वपूर्ण 2 अंक हासिल कर लिए। इस जीत के साथ शुभमन गिल की टीम ने प्वॉइंट्स टेबल में अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
पंजाब की खराब शुरुआत, फिर शेडगे–स्टोइनिस ने संभाला
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने शुरुआती विकेट जल्दी गंवा दिए और लगातार दबाव में रही। प्रियांश आर्या, कूपर कोनोली और प्रभसिमरन सिंह सस्ते में आउट हो गए।
मिडिल ऑर्डर में कप्तान श्रेयस अय्यर भी ज्यादा देर टिक नहीं सके और सिर्फ 19 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद सूर्यांश शेडगे और मार्कस स्टोइनिस ने पारी संभाली। शेडगे ने 57 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि स्टोइनिस ने 40 रन बनाए। अंत में मार्को जेनसन के 20 रनों की बदौलत पंजाब ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 163 रन बनाए।
होल्डर की घातक गेंदबाजी
गुजरात की ओर से सबसे घातक प्रदर्शन जेसन होल्डर ने किया, जिन्होंने 4 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा ने 2-2 विकेट लिए, जबकि राशिद खान को 1 सफलता मिली।
गुजरात की जीत, सुदर्शन–सुंदर चमके
164 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस को शुरुआती झटका कप्तान शुभमन गिल के रूप में लगा, जो सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए।
हालांकि जोस बटलर और निशांत सिंधु ने छोटी साझेदारी निभाई, लेकिन असली कमान साई सुदर्शन ने संभाली। उन्होंने 57 रनों की शानदार पारी खेली और टीम को मजबूती दी।
आखिरी चरण में वाशिंगटन सुंदर ने जिम्मेदारी निभाते हुए गुजरात को जीत की दहलीज पार कराई और टीम ने 4 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।


