बिहार में 7 साल की मासूम से दरिंदगी, आम चुनने गई बच्ची को बहला कर खेत में ले गया आरोपी

बिहार के सहरसा जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। काशनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में 7 साल की मासूम बच्ची के साथ गंभीर अपराध की वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद गांव में आक्रोश और दहशत का माहौल है, जबकि पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है।

आम के टिकोले चुनने गई थी बच्ची

जानकारी के अनुसार, पीड़ित बच्ची रविवार को गांव के पास स्थित बगीचे में आम के टिकोले चुनने गई थी। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला करीब 30 वर्षीय युवक, जो दो बच्चों का पिता बताया जा रहा है, वहां पहुंचा।

आरोप है कि युवक ने बच्ची को बहला-फुसलाकर पास के मक्के के खेत में ले गया और वहां उसके साथ गंभीर गलत हरकत की। बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़े।

ग्रामीणों के पहुंचते ही फरार हुआ आरोपी

ग्रामीणों के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया। जब लोग वहां पहुंचे तो बच्ची घायल अवस्था में मिली। उसकी हालत गंभीर देख परिजन और ग्रामीण घबरा गए। तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

गांव में भारी आक्रोश, पुलिस तैनात

घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इलाके में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सिमरी बख्तियारपुर के डीएसपी मुकेश ठाकुर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली और लगातार छापेमारी के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस घटना में कोई और व्यक्ति शामिल तो नहीं है।

दूसरी घटना से भी बढ़ी चिंता

इसी जिले में महिला के साथ गलत हरकत की कोशिश का एक और मामला सामने आया है, जिसमें आरोपी अब तक फरार बताया जा रहा है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह घटना सिर्फ एक परिवार की पीड़ा नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी है। बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन और समाज—दोनों को मिलकर ठोस कदम उठाने की जरूरत है। फिलहाल पीड़ित बच्ची का इलाज जारी है और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

  • ये भी पढ़े..

    लोदीपुर में तेज रफ्तार बाइक का कहर, सड़क पार कर रहे मजदूर की टांग टूटी, अस्पताल में भर्ती

    Share Add as a preferred…

    बिहार के तीन पारंपरिक उत्पादों को मिला GI टैग, मुख्यमंत्री ने कहा- वैश्विक पहचान की ओर बढ़ा राज्य का सांस्कृतिक गौरव

    Share Add as a preferred…