
बिहार में कई शहरों में बाईपास निर्माण परियोजनाएं चल रही हैं, लेकिन ग्रीनफील्ड परियोजनाओं में सबसे बड़ी बाधा भूमि अधिग्रहण बनी हुई है। इसी कारण कई प्रोजेक्ट समय पर पूरे नहीं हो पा रहे हैं। ऐसा ही मामला सारण जिले के परसा बाईपास निर्माण परियोजना में भी देखने को मिल रहा है।
पथ निर्माण विभाग बिहार ने अब इस परियोजना की नई समय सीमा फरवरी 2027 तय की है। विभाग के अनुसार, यह पूरा बाईपास ग्रीनफील्ड एलाइनमेंट पर आधारित है, जिसके लिए 100 प्रतिशत भूमि अधिग्रहण आवश्यक है।
सारण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ने विभाग को बताया कि कुल 56.7836 एकड़ भूमि अधिग्रहण प्रस्तावित है, जिसमें से 12.2546 एकड़ सरकारी भूमि का दखल प्राप्त हो चुका है। बाकी भूमि का अधिग्रहण अभी प्रक्रियाधीन है, जिसके कारण निर्माण कार्य बाधित हो रहा है।
भूमि अधिग्रहण में देरी के चलते संवेदक (contractor) की ओर से परियोजना को पूरा करने के लिए 24 फरवरी 2027 तक समय विस्तार की मांग की गई थी।
इस प्रस्ताव की समीक्षा विभागीय स्तर पर की गई और अंतिम निर्णय पंकज पाल की अध्यक्षता वाली निविदा समिति ने लिया। समिति ने समय विस्तार को मंजूरी देते हुए शर्त रखी है कि संवेदक से पूरक एकरारनामा कराया जाएगा।
साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि विस्तारित अवधि में किसी भी प्रकार का Price Escalation या अतिरिक्त वित्तीय दावा मान्य नहीं होगा। यदि कार्य समाप्ति की तिथि के मुकाबले दरों में बदलाव होता है, तो Price Neutralization के लिए विस्तारित अवधि का Price Index Rate लागू किया जाएगा।
विभाग का कहना है कि भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया पूरी होते ही परियोजना को तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि तय समय सीमा के भीतर बाईपास निर्माण पूरा किया जा सके।


