
बिहार में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला बेतिया से सामने आया है, जहां दिनदहाड़े एक युवक को गोली मार दी गई। घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
घटना चनपटिया थाना क्षेत्र के सिसवनिया गांव की है। बुधवार सुबह करीब 10 बजे अज्ञात हमलावरों ने 25 वर्षीय अजीत पासवान को गोली मार दी। अजीत पासवान, रविंद्र पासवान के पुत्र बताए जाते हैं और दो भाइयों में छोटे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, अजीत गांव में सिलाई का काम करता था। घटना के समय वह घर से खाना खाकर अपनी दुकान जा रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए हमलावरों ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली उसके सीने के दाहिने हिस्से में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा।
गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों की मदद से घायल को तुरंत गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल बेतिया में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
सदर एसडीपीओ विवेक दीप ने बताया कि घायल का इलाज जारी है और पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करेगी।
वहीं, घायल के बड़े भाई सुजीत पासवान ने बताया कि अजीत घर से महज 200 मीटर दूर ही पहुंचा था, तभी अपराधियों ने उस पर हमला कर दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।


