
पटना: मुख्यमंत्री आवास एक अणे मार्ग में सोमवार को जेडीयू विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधानमंडल दल के नेता का चुनाव होना था, लेकिन किसी नाम पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नेता चयन की जिम्मेदारी पार्टी के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार को सौंपी जाएगी।
बैठक के बाद जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने बताया कि बैठक में नीतीश कुमार को अधिकृत किया गया है कि वे विधानमंडल दल के नेता का चयन करें। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने इस दौरान प्रस्ताव रखते हुए नीतीश कुमार के कार्यकाल की उपलब्धियों, उनके सामाजिक प्रभाव और पार्टी के प्रति योगदान को रेखांकित किया और उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
बैठक में सांसद ललन सिंह और उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान नीतीश कुमार ने कहा कि उन्होंने पद छोड़ दिया है, लेकिन वे अब भी बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर विकास कार्यों की समीक्षा करते रहेंगे।
निशांत कुमार को पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चाओं पर भी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह निर्णय पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा।
गौरतलब है कि नीतीश कुमार हाल ही में राज्यसभा सांसद बने हैं। 16 मार्च को हुए चुनाव में उन्होंने जीत हासिल की थी और 10 अप्रैल को शपथ ली थी। इसके बाद 14 अप्रैल को कैबिनेट बैठक के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। 15 अप्रैल को सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस बदलाव के साथ बिहार की राजनीति में लंबे समय से चला आ रहा नीतीश कुमार का मुख्यमंत्री कार्यकाल समाप्त हो गया।


