भागलपुर में कूड़े के ठेले में मिला 10 वर्षीय मासूम का शव, इलाके में सनसनी

भागलपुर जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। ललमटिया थाना क्षेत्र स्थित श्री चंपापुर दिगंबर जैन मंदिर के समीप सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब नगर निगम के कूड़ा ढोने वाले ठेले में 10 वर्षीय बच्चे का शव बरामद हुआ।

मृतक की पहचान ललमटिया निवासी मोहम्मद इजहार के पुत्र मोहम्मद शमीर के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि सुबह सफाईकर्मी जब कूड़ा उठाने पहुंचे, तभी उनकी नजर ठेले में पड़े बच्चे के शव पर पड़ी। देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

मृतक के मामा के अनुसार, शमीर के पिता ललमटिया चौक के पास एक मीट की दुकान में काम करते हैं। परिजनों का आरोप है कि किसी अज्ञात अपराधी ने बच्चे की हत्या कर शव को कूड़े के ठेले में फेंक दिया, ताकि सबूत छिपाया जा सके।

घटना की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की पुलिस टीम के साथ एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं।

इधर, घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।

फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव को वहां कब और किसने फेंका।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

  • ये भी पढ़े..

    “आलोचनाओं के बीच एक्शन में निशांत कुमार, दिल्ली से लौट सीधे पहुंचे घायलों के पास”

    Share Add as a preferred…

    बेगूसराय के गंगोत्री गंगे मॉल में लगी आग, समय रहते टला बड़ा हादसा

    Share Add as a preferred…