अक्षय तृतीया पर पटना में बड़ी लूट, हथियारबंद बदमाशों ने ज्वेलरी दुकान बनाई निशाना

राजधानी पटना से एक बड़ी आपराधिक घटना सामने आई है, जहां बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में डकैती की वारदात को अंजाम दिया। घटना रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, अक्षय तृतीया के मौके पर पांच नकाबपोश अपराधी दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर पुरानी भारत गैस गोदाम कॉलोनी स्थित एक आभूषण दुकान पर पहुंचे। इनमें से तीन अपराधी दुकान के अंदर घुस गए, जबकि दो बाहर खड़े होकर निगरानी करते रहे।

दुकान के अंदर घुसे अपराधियों ने हथियार के बल पर पूरे शोरूम को अपने कब्जे में ले लिया। विरोध करने पर दुकान मालिक के सिर पर पिस्टल के कुंदे से वार कर उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद अपराधियों ने कुछ ही मिनटों में लगभग 15 से 20 लाख रुपये मूल्य के गहनों की लूट कर ली।

लूटे गए सामान में करीब 100 ग्राम सोना और 4 किलो चांदी शामिल बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम भी साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।

इस दिनदहाड़े हुई वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • ये भी पढ़े..

    बिहार विधानसभा में सात विधेयकों पर चर्चा से लेकर TRE-4 भर्ती तक, मानसून सत्र के दूसरे दिन सदन में क्या-क्या हुआ?

    Share Add as a preferred…

    बिहार में जमीन की दाखिल-खारिज अब होगी महंगी, विधानसभा से विधेयक पास होने के बाद 200 रुपये शुल्क का प्रावधान

    Share Add as a preferred…