
भागलपुर। भारत गैस एजेंसी मातुश्री इंटरप्राइजेज के प्रबंधक इंदु भूषण झा ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में घरेलू एलपीजी गैस की किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) द्वारा मांग के अनुरूप गैस की आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है, जिससे एजेंसी उपभोक्ताओं तक निर्बाध सेवा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में गैस की होम डिलीवरी फिफो (FIFO) सिस्टम के तहत की जा रही है, ताकि बुकिंग के क्रम में ही उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर मिल सके। हालांकि, कुछ कारणों से डिलीवरी में बैकलॉग की स्थिति बन रही है।
बैकलॉग के प्रमुख कारण
प्रबंधक के अनुसार, कई उपभोक्ता बिना खाली सिलेंडर उपलब्ध हुए ही घबराहट में बुकिंग कर दे रहे हैं, जिससे सिस्टम पर अनावश्यक दबाव बढ़ रहा है। इसके अलावा, बड़ी संख्या में ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जहां उपभोक्ता का वर्तमान पता और सिस्टम में दर्ज पता अलग-अलग है। इस वजह से वेंडर द्वारा प्रतिदिन कई बुकिंग लौटाई जा रही हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि पोर्टेबिलिटी सिस्टम के कारण अन्य एजेंसियों के उपभोक्ता भी यहां बुकिंग कर रहे हैं, लेकिन वितरण क्षेत्र अलग होने के कारण उन तक समय पर गैस पहुंचाना संभव नहीं हो पा रहा है। इससे भी आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
एजेंसी का प्रयास जारी
इन सभी चुनौतियों के बावजूद एजेंसी लगातार प्रयास कर रही है कि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें और सही जानकारी के साथ ही गैस बुकिंग करें, ताकि आपूर्ति प्रक्रिया सुचारु बनी रहे।
कॉमर्शियल सिलेंडर की कमी
वहीं, कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की उपलब्धता फिलहाल प्रभावित है। एजेंसी के पास जो स्टॉक मौजूद था, उसे होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक उपभोक्ताओं को उपलब्ध करा दिया गया है। प्रबंधक ने कहा कि जैसे ही कंपनी द्वारा कॉमर्शियल सिलेंडर की नई आपूर्ति की जाएगी, प्राथमिकता के आधार पर संबंधित उपभोक्ताओं को वितरित किया जाएगा।
अंत में उन्होंने भरोसा दिलाया कि एजेंसी उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जल्द ही सभी समस्याओं का समाधान कर लिया जाएगा।


