भागलपुर सांसद ने संसद में उठाया रोजगार का मुद्दा, केंद्र से मिली अहम जानकारी

बिहार में बेरोजगारी दर घटी, कौशल विकास योजनाओं से बढ़ रहे रोजगार के अवसर

भागलपुर, भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल ने संसद में रोजगार सृजन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे को उठाते हुए केंद्र सरकार से विस्तृत जानकारी मांगी। लोकसभा में पूछे गए अतारांकित प्रश्न संख्या–5831 के जवाब में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री ने बिहार समेत देश में रोजगार की स्थिति को लेकर अहम आंकड़े और जानकारी साझा की।

केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, बिहार राज्य में पिछले कुछ वर्षों में बेरोजगारी दर में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (PLFS) के आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2017-18 में जहां बेरोजगारी दर 7.0 प्रतिशत थी, वहीं वर्ष 2023-24 में यह घटकर 3.0 प्रतिशत रह गई है। यह बदलाव रोजगार के क्षेत्र में सकारात्मक सुधार का संकेत माना जा रहा है।

इसके साथ ही कामगार जनसंख्या अनुपात (WPR) में भी उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है। वर्ष 2017-18 में 35.5 प्रतिशत रहा यह अनुपात बढ़कर 2023-24 में 51.6 प्रतिशत तक पहुंच गया है, जो यह दर्शाता है कि राज्य में रोजगार के अवसरों में विस्तार हुआ है और अधिक लोग कार्यबल से जुड़ रहे हैं।

केंद्र सरकार ने रोजगार सृजन और युवाओं के कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की हैं। इनमें प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY), जन शिक्षण संस्थान (JSS), राष्ट्रीय शिक्षुता संवर्धन योजना (NAPS), औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) के माध्यम से प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा फ्यूचर स्किल्स प्राइम जैसी योजनाएं शामिल हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य युवाओं को आधुनिक तकनीकों और रोजगारोन्मुख कौशल से लैस करना है।

इसके अलावा, राष्ट्रीय करियर सेवा (NCS) पोर्टल के माध्यम से भी युवाओं को रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इस पोर्टल के जरिए देशभर में बड़े पैमाने पर रोजगार मेलों का आयोजन किया गया है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2023-24 में 8380, वर्ष 2024-25 में 9140 और वर्ष 2025-26 में 28 फरवरी 2026 तक 8860 रोजगार मेलों का आयोजन किया जा चुका है।

सांसद अजय कुमार मंडल ने कहा कि केंद्र सरकार की इन योजनाओं से भागलपुर सहित पूरे बिहार में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में इन पहलों से स्थानीय स्तर पर कौशल विकास को और मजबूती मिलेगी तथा रोजगार के क्षेत्र में और तेजी आएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाए और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए सक्षम बनाया जाए। फिलहाल, रोजगार के आंकड़ों में आई गिरावट और योजनाओं के विस्तार को देखते हुए क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बनता नजर आ रहा है।

  • ये भी पढ़े..

    ऑपरेशन सिंदूर के अमर जवानों का खुलासा, छह शहीदों में बिहार का एक वीर सपूत भी शामिल

    Share Add as a preferred…

    रोटरी क्लब ऑफ भागलपुर का भव्य सम्मान समारोह, सेवा और समर्पण के लिए कई सदस्य हुए सम्मानित

    Share Add as a preferred…