पटना में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट: ‘वैष्णवी ज्वेलर्स’ को निशाना बनाकर लाखों के गहने लेकर फरार बदमाश

पटना | मंगलवार राजधानी पटना के दानापुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देकर कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दी। आरपीएस काली मंदिर रोड स्थित ‘वैष्णवी ज्वेलर्स’ में दोपहर करीब 3 बजे चार नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोल दिया।

बताया जा रहा है कि बदमाश दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी से पहुंचे थे। सभी ने चेहरे पर मास्क और सिर पर हेलमेट पहन रखा था, ताकि उनकी पहचान न हो सके। दुकान में घुसते ही उन्होंने पिस्तौल लहराकर दहशत फैलाई और लूटपाट शुरू कर दी।


दुकानदार पर हमला, लाखों के जेवरात लूटे

अपराधियों ने पिस्तौल के बल पर काउंटर का शीशा तोड़ दिया और करीब 4 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात व नकदी लूट ली।

इस दौरान जब दुकान मालिक सुमन कुमार ने विरोध किया, तो एक बदमाश ने पिस्तौल के बट से उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

लूटपाट के बाद सभी आरोपी आरपीएस इंजीनियरिंग कॉलेज की दिशा में फरार हो गए।


CCTV में कैद वारदात, जांच में जुटी पुलिस

पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही दानापुर और रूपसपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा।

फॉरेंसिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर अपराधियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।


सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

भीड़भाड़ वाले इलाके में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने पटना की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं।

फिलहाल, पुलिस का दावा है कि संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


 

  • ये भी पढ़े..

    समस्तीपुर के वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, 11 गेंदों में अर्धशतक जड़कर तोड़ा 20 साल पुराना विश्व रिकॉर्ड

    Share Add as a preferred…

    विदाई समारोह में भावुक हुए डीएम नवल किशोर चौधरी, बोले— भागलपुर से बना आत्मीय रिश्ता हमेशा रहेगा याद

    Share Add as a preferred…