
पटना: राजधानी पटना में त्योहारों के बीच सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ताजा मामला राजेंद्र नगर इलाके का है, जहां रामनवमी के दौरान एक महिला से चेन छिनतई की घटना सामने आई है।
यह वारदात 26 मार्च की रात करीब 8 बजे कदमकुआं थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर रोड नंबर 10 स्थित मुक्ति शिला अपार्टमेंट के पास हुई।
नर्स से छिनी सोने की चेन
पीड़िता पेशे से नर्स है। जानकारी के अनुसार, वह बहादुरपुर फ्लाईओवर के नीचे से सब्जी खरीदकर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात युवक ने उनका पीछा किया और मौका पाकर उनके गले से करीब 10 ग्राम सोने की चेन छीन ली।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने काला फुलपैंट, सफेद टी-शर्ट और लाल रंग की टोपी पहन रखी थी।
वारदात के बाद पैदल फरार
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी रोड नंबर 11 की ओर पैदल भाग गया। छीनी गई चेन की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी आराम से भागता हुआ दिखाई दे रहा है।
एक हफ्ते में तीसरी घटना, बढ़ा डर
गौरतलब है कि कदमकुआं थाना क्षेत्र में बीते एक सप्ताह में यह तीसरी चेन स्नैचिंग की घटना है। लगातार हो रही वारदातों से खासकर महिलाओं में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।


