छठ पूजा के दौरान बड़ा हादसा: गंगा में डूबा युवक, दोस्तों को बचाते हुए हुआ लापता

पटना (मनेर): छठ पूजा के पावन अवसर पर पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र स्थित ब्रह्मचारी गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। उदयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद गंगा नदी में स्नान के दौरान एक युवक अपने दोस्तों को बचाने की कोशिश में खुद गहरे पानी में डूब गया और लापता हो गया।

दोस्तों को बचाते हुए गई जान पर बन आई

मिली जानकारी के अनुसार, ब्रह्मचारी लालबेंगवा निवासी दिलीप ठाकुर का 20 वर्षीय पुत्र बिट्टू कुमार अपने परिवार के साथ छठ पूजा करने घाट पर आया था। अर्घ्य देने के बाद वह अपने तीन दोस्तों के साथ नदी में स्नान करने लगा। इसी दौरान उसके दो साथी अचानक गहरे पानी में फंसकर डूबने लगे।

स्थिति को देख बिट्टू कुमार ने बहादुरी दिखाते हुए उन्हें बचाने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों की मदद से उसके दोस्तों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन बिट्टू खुद तेज बहाव में फंसकर गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

घटना की सूचना मिलते ही मनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई लक्ष्मण मंडल के नेतृत्व में पुलिस बल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एसडीआरएफ (SDRF) टीम को बुलाया। फिलहाल एसडीआरएफ की दो टीमें गंगा नदी में युवक की तलाश में जुटी हैं।

काफी प्रयासों के बावजूद अभी तक बिट्टू कुमार का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस और गोताखोर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

परिवार में मचा कोहराम

घटना की खबर फैलते ही घाट पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई और खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घाट पर भारी भीड़ जमा हो गई है और हर कोई बिट्टू की सलामती के लिए दुआ कर रहा है।

इस हादसे से पूरे गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर है।


 

  • ये भी पढ़े..

    डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि, अगले वर्ष उनके नाम पर बनेगा भव्य पार्क

    Share Add as a preferred…