जंग के बीच पनपा प्यार: इजरायली सैनिक और ईरानी युवती ने की सगाई, सरहदें भी नहीं रोक सकीं मोहब्बत

जहां एक ओर इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव और युद्ध की खबरें दुनिया भर में सुर्खियां बटोर रही हैं, वहीं इसी माहौल के बीच एक अनोखी प्रेम कहानी सामने आई है। यह कहानी साबित करती है कि प्यार सरहदों, धर्म और दुश्मनी से कहीं ऊपर होता है।

इजरायल की गोलानी ब्रिगेड के एक रिजर्व सैनिक (नाम बदला हुआ—डीन) को कभी अंदाजा भी नहीं था कि उसकी जिंदगी में प्यार इस तरह दस्तक देगा। साल 2019 में लॉस एंजिल्स के सांता मोनिका स्थित एक बार में उसकी मुलाकात ईरान की रहने वाली एक युवती (नाम बदला हुआ—अजादेह) से हुई। पहली मुलाकात के बाद दोनों के बीच संपर्क बना, लेकिन कुछ समय बाद बातचीत कम हो गई।

कोविड-19 महामारी के दौरान दोनों ने फिर से बात करना शुरू किया और यहीं से उनके रिश्ते ने गहराई पकड़नी शुरू की। एक दिन डीन ने तेल अवीव के लेविंस्की मार्केट में एक फारसी रेस्तरां की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की, जिस पर अजादेह ने प्रतिक्रिया दी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और मुलाकातों का सिलसिला शुरू हो गया।

कुछ ही समय में दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए और अब यह जोड़ा सगाई कर चुका है। उनकी कहानी इसलिए खास है क्योंकि वे अलग-अलग धर्मों और ऐसे देशों से आते हैं जो आधिकारिक तौर पर एक-दूसरे के दुश्मन माने जाते हैं।

अजादेह ने बताया कि वह लोगों को उनके धर्म के आधार पर नहीं आंकतीं। उनके लिए डीन का यहूदी होना कभी बाधा नहीं बना। उन्होंने कहा कि उन्हें यहूदी संस्कृति के बारे में जानने में हमेशा रुचि रही है।

अजादेह 18 साल की उम्र में ईरान के इस्फहान शहर से अमेरिका आ गई थीं। वह अब लॉस एंजिल्स में रहती हैं। सुरक्षा कारणों से उनकी पहचान उजागर नहीं की गई है।

वर्तमान में वैश्विक तनाव और अपने-अपने देशों के बीच टकराव के बावजूद, डीन और अजादेह भविष्य के सपने देख रहे हैं। वे उम्मीद करते हैं कि एक दिन वे साथ में तेल अवीव और तेहरान की यात्रा करेंगे और अपने परिवारों को एक-दूसरे से मिलवाएंगे।

यह प्रेम कहानी एक बार फिर यह संदेश देती है कि सच्चा प्यार किसी सीमा, धर्म या राजनीति का मोहताज नहीं होता।

  • Related Posts