मौसम का यू-टर्न: बिहार के सभी 38 जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट, 20 मार्च तक बदल सकता है मौसम

पटना: बिहार में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के सभी 38 जिलों में तेज आंधी, मेघगर्जन, वज्रपात और बारिश की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण राज्य में मौसम अस्थिर हो गया है, जिससे कई जिलों में तेज हवा और बारिश का दौर शुरू हो सकता है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बदलाव के कारण राज्य के अधिकतम तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे पिछले कुछ दिनों से पड़ रही तेज गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने बिहार के 17 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। जिन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है उनमें पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, सिवान, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, बेगूसराय और खगड़िया शामिल हैं।

21 जिलों में येलो अलर्ट
राजधानी पटना समेत राज्य के बाकी 21 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

क्यों बदला बिहार का मौसम?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण एक चक्रवाती परिसंचरण की स्थिति बन गई है। इन दोनों सिस्टम के प्रभाव से वातावरण में अस्थिरता बढ़ी है, जिसके कारण आंधी, बिजली गिरने और बारिश जैसी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। विभाग का अनुमान है कि राज्य में यह मौसम परिवर्तन 20 मार्च तक रुक-रुक कर जारी रह सकता है।

रोहतास में दर्ज हुआ सबसे अधिक तापमान
पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार में सबसे अधिक तापमान रोहतास जिले में दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा कैमूर में 35 डिग्री, नालंदा में 35.4 डिग्री, गया में 35.2 डिग्री, औरंगाबाद में 33.9 डिग्री, पटना में 33 डिग्री और भागलपुर में 32.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान नालंदा में 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पटना में न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

लोगों और किसानों को सावधान रहने की सलाह
मौसम विभाग ने संभावित वज्रपात को लेकर लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने को कहा गया है। वहीं किसानों को कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रखने और खेतों में काम करते समय मौसम की जानकारी लेते रहने की सलाह दी गई है।

  • Related Posts

    शराबबंदी में बड़ी कार्रवाई: पूर्व सांसद के भतीजे को पुलिस ने नशे की हालत में दबोचा, रसूख दिखाने पर भी नहीं मिली राहत

    Share Add as a preferred…

    Continue reading