समृद्धि यात्रा को लेकर बैजानी गांव में तेज हुई तैयारियां, 17 मार्च को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आने की संभावना

भागलपुर,भागलपुर जिले के जगदीशपुर प्रखंड स्थित बैजानी गांव में मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री की प्रस्तावित “समृद्धि यात्रा” के तहत 17 मार्च को यहां पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि अभी तक जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम की आधिकारिक तिथि की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन स्थानीय स्तर पर तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं।

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए बैजानी गांव में बड़े पैमाने पर सभा स्थल तैयार किया जा रहा है। यहां एक भव्य जर्मन हैंगर पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है, जहां मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित कर सकते हैं। पंडाल में बड़ी संख्या में लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है ताकि आसपास के गांवों से आने वाले लोग भी कार्यक्रम में शामिल हो सकें।

सभा स्थल के ठीक बगल में हेलीपैड का निर्माण भी तेजी से कराया जा रहा है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर के जरिए कार्यक्रम स्थल पर पहुंच सकते हैं। इसके लिए प्रशासन की ओर से तकनीकी मानकों के अनुसार जमीन समतल कर हेलीपैड तैयार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और पार्किंग की व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत योजना बनाई जा रही है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम लगातार स्थल का निरीक्षण कर रही है ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

हालांकि कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है, लेकिन गांव और आसपास के क्षेत्रों में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों में भी काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मुख्यमंत्री यहां आते हैं तो क्षेत्र के विकास से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

स्थानीय मुखिया नवल किशोर सिंह ने भी बताया कि मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर गांव में तैयारियां की जा रही हैं और प्रशासन की टीम लगातार व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री का दौरा क्षेत्र के लिए विकास की नई संभावनाएं लेकर आएगा।

  • ये भी पढ़े..

    मुहर्रम जुलूस के दौरान ड्यूटी पर तैनात एसआई का तलवार लहराते वीडियो वायरल, एसएसपी ने दिए जांच के आदेश

    Share Add as a preferred…

    भागलपुर की 238 पंचायतों में आज पंचायत विकास दिवस, महिला सशक्तिकरण और मद्यनिषेध अभियान पर रहेगा विशेष फोकस

    Share Add as a preferred…