कटिहार में सरपंच पागल यादव गिरफ्तार, फसल क्षति और रंगदारी मांगने का आरोप

कटिहार: बिहार–झारखंड सीमावर्ती इलाके में फसल को नुकसान पहुंचाने और रंगदारी मांगने के आरोप में कटिहार जिले की मनिहारी थाना पुलिस ने बघार पंचायत के सरपंच रामनिवास यादव उर्फ पागल यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शनिवार को उन्हें हिरासत में लेने के बाद रविवार को न्यायिक हिरासत में कटिहार जेल भेज दिया।

मिली जानकारी के अनुसार 9 मार्च की देर रात बिहार–झारखंड सीमा से सटे कांटाकोश और रामनगर इलाके में करीब 200 बीघा में लगी फसल को नुकसान पहुंचाए जाने का मामला सामने आया था। इस घटना को लेकर किसान रामगोपाल यादव समेत कई किसानों ने मनिहारी थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि सरपंच रामनिवास यादव उर्फ पागल यादव ने रंगदारी की मांग को लेकर उनकी फसल को नुकसान पहुंचाया है। किसानों ने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की थी।

इसी मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सरपंच को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। हालांकि गिरफ्तारी के बाद सरपंच रामनिवास यादव ने अपने ऊपर लगे आरोपों को साजिश बताया है। उनका कहना है कि पंचायत चुनाव नजदीक होने के कारण उन्हें राजनीतिक रूप से फंसाया जा रहा है और लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह निराधार हैं।

वहीं उनकी पत्नी और कटिहार की पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष अंजली देवी ने भी पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पुलिस ने उनके पति को मनिहारी थाना बुलाकर गलत तरीके से गिरफ्तार किया है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस स्थान पर घटना हुई है, वह झारखंड क्षेत्र में आता है और उनके पति को साजिश के तहत फंसाया गया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

  • Related Posts

    पटना में फिट इंडिया कार्निवल 2026 का भव्य आयोजन, खेल और फिटनेस के प्रति लोगों में दिखा उत्साह

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    बिहार में अब एआई (AI) सुलझाएगा जमीन का ‘झमेला’! भूमि सर्वेक्षण के लिए बंदोबस्त दफ्तरों में बनेगा ‘एआई सेल’; जानें कब से शुरू होगी हाई-टेक व्यवस्था

    Share Add as a preferred…

    Continue reading