भोजपुर में भीषण सड़क हादसा: कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत, पांच दोस्त गंभीर घायल

भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिले में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पीरो–बिहटा हाईवे पर कार और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार उनके पांच दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना पीरो थाना क्षेत्र के तिवारीडीह ओवरब्रिज के पास हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें बैठे लोग सड़क पर बुरी तरह घायल अवस्था में गिर पड़े।

ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाए गए घायल

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत पीरो अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

आरा में भी स्थिति गंभीर होने के कारण सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना भेज दिया गया है।

इन युवकों की हुई मौत

इस दुर्घटना में शाहपुर थाना क्षेत्र के गौड़ाढ़ गांव निवासी सुशील भट्ट के 27 वर्षीय पुत्र मनीष भट्ट और तरारी थाना क्षेत्र के बकसांडा गांव निवासी प्रियरंजन सिंह के 22 वर्षीय पुत्र लव कुमार की मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि मनीष भट्ट के पिता रेलवे में टेक्नीशियन-वन पद से सेवानिवृत्त हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पांच दोस्त गंभीर रूप से घायल

हादसे में घायल युवकों में बकसांडा गांव निवासी राजू कुमार (22), सोनू शर्मा (22), आशीष कुमार (22), नीरज कुमार (21) और हरी ओम शर्मा (23) शामिल हैं। सभी युवक आपस में दोस्त बताए जा रहे हैं।

राहगीर को बचाने में हुआ हादसा

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार चालक सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को बचाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और सामने से आ रहे ट्रक से सीधी टक्कर हो गई।

हादसे के समय कार मनीष भट्ट चला रहा था। टक्कर इतनी तेज थी कि कार में बैठे सभी लोग बेहोश हो गए।

यज्ञ कार्यक्रम से लौट रहे थे युवक

घायल हरी ओम ने बताया कि वे लोग तिवारीडीह गांव में आयोजित एक यज्ञ कार्यक्रम में माला चढ़ाने गए थे। अगले साल अपने गांव में यज्ञ कराने के लिए वे वहां पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे।

कार्यक्रम के बाद सभी दोस्त कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक व्यक्ति सड़क पर आ गया, जिसे बचाने की कोशिश में यह हादसा हो गया।

पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पीरो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। वहीं इस हादसे के बाद मृतकों के परिवार में मातम का माहौल है।

  • ये भी पढ़े..

    भरत तिवारी एनकाउंटर पर बोले मंत्री रामकृपाल यादव: ‘न्यायिक जांच में सच सामने आएगा, दोषी नहीं बचेंगे’

    Share Add as a preferred…

    भागलपुर में पत्रकारों से मारपीट मामला: JDU सांसद अजय मंडल की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, अभियोजन स्वीकृति के लिए SSP ने डीएम को लिखा पत्र

    Share Add as a preferred…