सेवा क्षेत्र के उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण-2026 को लेकर पटना में क्षेत्रीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित

पटना, 13 मार्च। भारत सरकार द्वारा सेवा क्षेत्र के उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण-2026 (ए.एस.आई.एस.एस.ई.) को लेकर शुक्रवार को पटना में एक दिवसीय क्षेत्रीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण शिविर कर्पूरी ठाकुर सदन, आशियाना दीघा रोड स्थित सभागार में आयोजित हुआ, जिसमें विभिन्न सांख्यिकी अधिकारियों और प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन उप महानिदेशक एवं क्षेत्रीय प्रमुख रोशन लाल साहू ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की अर्थव्यवस्था में सेवा क्षेत्र की भूमिका लगातार बढ़ती जा रही है और रोजगार सृजन में यह क्षेत्र महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

सेवा क्षेत्र का जीडीपी में बढ़ता योगदान

उप महानिदेशक रोशन लाल साहू ने कहा कि दूरसंचार, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, पर्यटन और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है। वर्तमान में सेवा क्षेत्र देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में लगभग 50 प्रतिशत का योगदान दे रहा है।

उन्होंने बताया कि इस सर्वेक्षण के माध्यम से सेवा क्षेत्र से जुड़े उद्यमों के ग्रॉस वैल्यू एडेड (GVA), स्थायी पूंजी, पूंजी निर्माण और श्रम-शक्ति से संबंधित आंकड़े एकत्र किए जाएंगे। इससे देश के आर्थिक आंकड़ों का अधिक सटीक आकलन किया जा सकेगा।

1 अप्रैल 2026 से शुरू होगा सर्वेक्षण

भारत सरकार द्वारा सेवा क्षेत्र के उद्यमों का यह वार्षिक सर्वेक्षण 1 अप्रैल 2026 से शुरू किया जाएगा। इस सर्वेक्षण में जीएसटी नेटवर्क (GSTN) का उपयोग करते हुए विभिन्न उद्यमों से संबंधित आंकड़े एकत्र किए जाएंगे।

कार्यक्रम में कोलकाता से आए पर्यवेक्षक और निदेशक प्रभात भास्कर ने सर्वेक्षण के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका मुख्य लक्ष्य संगठित सेवा क्षेत्र का एक व्यापक डेटाबेस तैयार करना है। इससे देश की सांख्यिकी प्रणाली को मजबूती मिलेगी और राष्ट्रीय आय के आंकड़ों को अधिक सटीक तरीके से संकलित किया जा सकेगा।

तकनीकी पहलुओं पर दिया गया प्रशिक्षण

प्रशिक्षण शिविर के दौरान उप निदेशक परिमल ने सर्वेक्षण से जुड़े तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सेवा क्षेत्र से संबंधित आंकड़ों के महत्व और उनके उपयोग के बारे में विस्तार से बताया।

इसके अलावा वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारियों देवेन्द्र कुमार, सुशील कुमार सिंह, जितेंद्र राय और चंदन कुमार ने प्रशिक्षणार्थियों को सर्वेक्षण की प्रक्रिया और डेटा संग्रहण की तकनीकों के बारे में प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी सुधीर कुमार झा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

कई अधिकारी रहे उपस्थित

इस प्रशिक्षण शिविर में उप क्षेत्रीय कार्यालय गया के प्रभारी गौरव कुमार, सहायक निदेशक टेक नारायण प्रसाद तथा उप क्षेत्रीय कार्यालय भागलपुर के प्रभारी रश्मि रंजन सहित कई वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा पटना कार्यालय के वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी अमिताभ पाठक, दिलीप कुमार, कमलेश कुमार गुप्ता, डी.एन. प्रसाद, इन्द्रजीत, जितेन्द्र राय, मंजूषा कुमारी, प्रियंका कुमारी, सुमित कुमार, आलोक कुमार पांडेय समेत अन्य अधिकारी और कनिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी भी प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए।

  • ये भी पढ़े..

    पटना के नौबतपुर में दो महिलाओं से सामूहिक दुष्कर्म, SIT गठित कर जांच में जुटी पुलिस

    Share Add as a preferred…