फारबिसगंज के पोखर बस्ती में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, घर और दुकान से भारी मात्रा में सिलेंडर जब्त; अवैध कारोबार से इलाके में हड़कंप
अररिया: बिहार के अररिया जिले में प्रशासन ने गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध भंडारण का खुलासा किया है। फारबिसगंज शहर के पोखर बस्ती वार्ड संख्या-15 में हुई छापेमारी के दौरान करीब 250 से अधिक रसोई गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार अनुमंडल प्रशासन को सूचना मिली थी कि इलाके में बड़े पैमाने पर रसोई गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर उनकी कालाबाजारी की जा रही है। इसके बाद एसडीओ अभय कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने गुरुवार देर शाम छापेमारी की।
घर में मिला सिलेंडरों का जखीरा
छापेमारी के दौरान प्रशासनिक टीम जब साबिर अंसारी के आवासीय परिसर में पहुंची तो वहां कई कमरों में भारी मात्रा में गैस सिलेंडर रखे हुए मिले। इतना ही नहीं, घर की छत पर भी बड़ी संख्या में सिलेंडर स्टोर किए गए थे।
अधिकारियों के अनुसार केवल घर से ही करीब 150 से अधिक सिलेंडर बरामद किए गए। इसके बाद प्रशासन ने इन सिलेंडरों को जब्त कर ट्रैक्टर के माध्यम से फारबिसगंज थाना भेज दिया।
दुकान से भी बरामद हुए 100 से ज्यादा सिलेंडर
इसके बाद प्रशासनिक टीम ने पास में स्थित एक दुकान पर भी छापेमारी की। शुरुआत में दुकान का शटर बंद था, जिसे खुलवाने के बाद अंदर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दुकान से भी 100 से अधिक गैस सिलेंडर बरामद किए गए।
बरामद सिलेंडरों में भारत गैस, इंडेन गैस और एचपी गैस कंपनियों के सिलेंडर शामिल हैं। इनमें भरे हुए और खाली दोनों तरह के सिलेंडर पाए गए।
मौके पर जुटी भारी भीड़
प्रशासन की कार्रवाई की सूचना मिलते ही पोखर बस्ती में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने भी इतनी बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडर देखकर हैरानी जताई। अधिकारियों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडरों का अवैध भंडारण किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था।
सुरक्षा के लिए फायर ब्रिगेड भी तैनात
चूंकि इलाका घनी आबादी वाला है, इसलिए छापेमारी के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर फायर ब्रिगेड की टीम को भी मौके पर तैनात किया गया था। प्रशासन ने पूरी सतर्कता के साथ सिलेंडरों को जब्त कर सुरक्षित तरीके से वाहन में लादकर थाना भेज दिया।
मामले की जांच शुरू
इस पूरे मामले को लेकर एसडीओ अभय कुमार ने बताया कि बरामद सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया गया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। साथ ही अवैध कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाएगा, ताकि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।


