बिहार के बुनियादी केंद्रों पर शुरू हुई कॉमन सर्विस सेंटर सेवा, अब पेंशन और सरकारी योजनाओं के आवेदन होंगे आसान

पटना, 12 मार्च। बिहार में समाज कल्याण से जुड़ी सेवाओं को आम लोगों तक सरल और सुलभ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य के सभी 101 अनुमंडलों में संचालित समेकित सेवा प्रदाता केंद्र-सह-बुनियाद केंद्रों पर गुरुवार से कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) सेवा की शुरुआत कर दी गई। समाज कल्याण विभाग के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विभागीय सचिव बंदना प्रेयसी ने इस सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिव बंदना प्रेयसी ने कहा कि बुनियादी केंद्रों पर कॉमन सर्विस सेंटर की स्थापना से जरूरतमंद लाभार्थियों को एक ही स्थान पर कई सरकारी सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि इन केंद्रों पर सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जीवन प्रमाणीकरण (लाइफ सर्टिफिकेट), ट्राई साइकिल के लिए आवेदन, दिव्यांगजन उद्यमी योजना, यूडीआईडी कार्ड और मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना जैसी कई महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। खास बात यह है कि इन योजनाओं के आवेदन के लिए लाभार्थियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य वृद्धजन, विधवाओं और दिव्यांगजनों को सम्मानजनक और सुलभ सेवाएं प्रदान करना है। इसी सोच के तहत सभी अनुमंडलों में बुनियादी केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां इन वर्गों के लोगों को सामाजिक सुरक्षा और कल्याण से जुड़ी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।

सचिव ने आगे कहा कि डिजिटल युग में सरकारी सेवाओं को ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध कराना बेहद जरूरी हो गया है। इससे योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक तेजी और पारदर्शिता के साथ पहुंच सकेगा। बुनियादी केंद्रों पर कॉमन सर्विस सेंटर शुरू होने से अब लाभार्थी पेंशन के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के साथ-साथ अपनी पेंशन राशि भी इन केंद्रों से प्राप्त कर सकेंगे।

इस अवसर पर कॉमन सर्विस सेंटर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष-सह-राज्य प्रमुख संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि समाज कल्याण विभाग की योजनाओं से संबंधित सेवाओं के लिए लोगों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। हालांकि अन्य सेवाओं के लिए निर्धारित दरों के अनुसार रेट चार्ट जारी किया जाएगा, ताकि लोगों को पारदर्शी तरीके से सेवाएं मिल सकें।

कार्यक्रम के अंत में वरीय प्रशासी पदाधिकारी पिंकी कुमारी ने उपस्थित सभी अधिकारियों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर उप मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी सक्षम सुनील कुमार, सक्षम के राज्य कार्यक्रम प्रबंधक सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

यह पहल राज्य में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की पहुंच को मजबूत करने के साथ-साथ डिजिटल सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लाभार्थियों को भी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए ज्यादा परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।

  • Related Posts

    कल्याण विगहा में ‘निशांत’ उदय! पूर्वजों के आशीर्वाद से शुरू किया सियासी सफर; समर्थकों ने लगाए ‘भावी मुख्यमंत्री’ के नारे, क्या नीतीश के उत्तराधिकारी तैयार हैं?

    Share Add as a preferred…

    Continue reading